गुजरात में बोले पीएम मोदी- छात्रों को पता हो कैसे बनती है मेट्रो, तब वो उसे नहीं पहुंचाएंगे नुकसान
नई दिल्ली, 30 सितंबर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अहमदाबाद मेट्रो रेल परियोजना के पहले चरण का उद्घाटन किया। इस दौरान पीएम मोदी ने छात्रों को एक होमवर्क दिया। जिसके तहत उन्होंने छात्रों से ये अपील की कि वो ये सवाल पूछें कि मेट्रो का काम कैसे किया जाता है, साथ ही इस पर वो अध्ययन करें। ऐसा करने से उन्हें सार्वजनिक संपत्ति (मेट्रो) को नुकसान पहुंचाने में संकोच होगा। अपने गुजरात दौरे के दौरान शुक्रवार को पीएम मोदी ने तीसरी वंदे भारत एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखाई। ये ट्रेन देश की सबसे तेज रफ्तार ट्रेन है।

अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि मैं चाहता हूं कि कक्षा 9-12 के छात्र इंजीनियर्स से ये सवाल पूछें कि मेट्रो का काम कैसे हुआ? इसकी सुरंगे कैसे बनी? इसकी लागत कितनी आई? ये उन्हें जवाबदेह बनाएगा। पीएम के मुताबिक अगर छात्र मेट्रो के निर्माण को अच्छे से जान लेंगे, तो उसको नुकसान पहुंचाने के काम में वो कभी हिस्सा नहीं लेंगे। इससे उन्हें ऐसा दर्द होगा जैसे उनकी अपनी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया जा रहा हो। उन्होंने कहा कि 8 वर्षों में एक के बाद एक देश के 2 दर्जनों से ज्याादा शहरों में मेट्रो या तो शुरू हो चुकी है या तेजी से काम चल रहा है। देश के दर्जनों छोटे शहरों को एयर कनेक्टिविटी से जोड़ा गया है। 'उड़ान' योजना छोटे शहरों में हवाई सुविधा देने में अहम भुमिका निभा रही है।
पीएम ने आगे कहा कि राज्य में गांधीनगर-अहमदाबाद जैसे कई जुड़वां शहरों का विकास किया जा रहा है। लोग अब तक न्यूयॉर्क-न्यूजर्सी की बात करते थे। मेरा भारत पीछे नहीं रह सकता। पीएम मोदी के मुताबिक शहरों के गरीब, मिडिल क्लास साथियों को धुएं वाली बसों से मुक्ति मिले, इसके लिए इलेक्ट्रिक बसों के निर्माण और संचालन के लिए FAME योजना शुरु की गई है। इस योजना के तहत देश में 7 हजार से अधिक इलेक्ट्रिक बसों को स्वीकृति दी गई। इस पर केंद्र सरकार ने करीब 3500 करोड़ रुपये खर्च किए।












Click it and Unblock the Notifications