Mass promotion: यहां पहली से 8वीं कक्षा तक के 51 लाख से ज्यादा बच्चों को प्रमोट किया जाएगा
गांधीनगर। कोरोनाकाल में बाधित हुई पढ़ाई के चलते शैक्षणिक सत्र प्रभावित न हो, इसके लिए गुजरात सरकार ने एक बड़ी घोषणा की है। सरकार ने पहली से आठवीं कक्षा तक के बच्चों को बिना परीक्षा दिए ही पास करने का निर्णय लिया है। शिक्षा मंत्री जीतू वाघाणी ने खुद सोशल मीडिया पर इसकी घोषणा की।

बता दें कि, गुजरात में पहली से कक्षा 8वीं तक 51.25 लाख विद्यार्थी रजिस्टर्ड हैं। अब ये सभी पास हो जाएंगे, और अपनी अगली कक्षाओं में पहुंच जाएंगे। इस बारे में शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि, 2020 में कोरोना फैलने के उपरांत वर्ष 2021-22 में भी अधिकांश समय ऑफलाइन स्कूल बंद रहे। ऐसे में बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने पहली से 8वीं कक्षा के छात्रों को मार्क्स, ग्रेड पर ध्यान दिए बगैर मास प्रमोशन देने का निर्णय लिया है। इस निर्णय के तहत यहां लगभग 51.25 लाख बच्चों को प्रमोट किया जाएगा।

इससे पहले गुजरात सरकार ने वर्ष 2019 में नियम में बदलाव करके पहली से 8वीं कक्षा तक के बच्चों को पास करने के बदले उनके परिणाम के आधार पर आगे की कक्षा में पदोन्नति देने का निर्णय लिया था। हालांकि, उसके बाद 2020 में कोरोना महामारी फैलने लगी। जिसके चलते 2 साल तक लगातार मास प्रमोशन दिया गया। इस साल भी, सभी कक्षा की परीक्षाएं पूरी हो गई हैं, पर अधिकांश पढ़ाई ऑनलाइन होने की वजह से सरकार ने यह निर्णय लिया है कि, कोई बच्चा फेल नहीं होगा।












Click it and Unblock the Notifications