कई पशुओं को मार चुके तेंदुए से थी इलाके में दहशत, बहुत मुश्किल से वन विभाग ने पिंजरे में फंसाया
राजकोट। कोरोना-लॉकडाउन के इन दिनों जंगली जीव-जंतु मानव बस्तियों में खूब देखे जा रहे हैं। यहां गुजरात के राजकोट में शहर व निकटवर्ती गांव में तेंदुए का खौफ छाया हुआ था। एक तेंदुआ पिछले कुछ दिनों से रिहायशी इलाके में पालतू पशुओं को निशाना बना रहा था। जिसके चलते लोग दहशत में थे। उन्होंने वन विभाग को सूचित कर कई दिनों बाद आफत से पीछा छुड़ाया।
वनविभाग को सूचना मिली कि, तेंदुआ आजी-2 डैम इलाके में खंढेरी स्टेडियम के निकट देखा गया है। जिसके बाद वन विभाग ने तत्काल वहां पिंजरा रखवा दिया। उसके कुछ ही समय उपरांत वो तेंदुआ उस पिंजरे में कैद हो गया। फिर लोगों ने राहत की सांस ली। वनकर्मी उसे लेकर जंगल रवाना हो गए।

एक स्थानीय निवासी ने बताया कि, राजकोट तहसील के परा पीपलिया गांव में तेंदुए ने कई पशु मार डाले थे। वो तेंदुआ गवरीदड की ओर जाते दिखता तो कभी किसी और इलाके में नजर आ जाता था। कुछ दिनों पहले उसने एक बछड़े को शिकार बना लिया।इस कारण लोगों में डर पैदा हो गया था। गांव के लोग रात को पहरेदारी किया करते थे। ताज्जुब की बात यह है कि, वन विभाग ने इस इलाके में पिंजड़ा पहले भी रखा था, लेकिन तब तेंदुआ पकड़ा नहीं जा सका था।

इसके बाद पिछले कुछ दिनों से तेंदुए को आजी-2 डैम इलाके में देखा गया। फिर, वहां भी पिंजड़ा रखा गया। उसके बाद गुरुवार को तेंदुआ पिंजड़े फंस गया। कई लोगों ने कहा कि, तेंदुआ जामनगर रोड पर मनहरपुर में भी पहुंच गया था।












Click it and Unblock the Notifications