हार्दिक बोले- हमारी पार्टी प्रचार में कमजोर है, तभी भाजपा खुद को ईमानदार साबित कर देती है
अहमदाबाद। कांग्रेस नेता हार्दिक पटेल ने भाजपा सरकार के मुकाबले अपनी पार्टी को प्रचार-प्रसार में कमज़ोर माना है। हार्दिक का कहना है कि कांग्रेस की सरकार ईमानदार हैं। भाजपा वाले कांग्रेस के झूठे घोटाले दिखाकर जनता को गुमराह करते थे। मगर, आज भाजपा सरकार में करोड़ों के अनगिनत घोटाले हुए हैं, फिर भी प्रचार-प्रसार के ज़रिए भाजपा खुद को ईमानदार साबित कर देती है।' युवा कांग्रेस नेता ने यही बातें अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखीं।

पटेल ने खुद की पार्टी को ईमानदार, भाजपा को झूठा कहा
अपनी पार्टी की तारीफ में हार्दिक ने यह भी लिखा कि, 'कांग्रेस सरकार ने किसानों का कर्जा माफ़ किया था, लेकिन भाजपा सरकार ने चोर और घोटालेबाज़ उद्योगपतियों का कर्जा माफ़ किया है।कांग्रेस और भाजपा में यही अंतर है। स्वार्थी एवं देशविरोधी व्यक्ति एक बात समझ लें कि कांग्रेस जनहित में कार्य करती है, जनता और ग़रीबों के बारे में सोचती है।''

सरकार के खिलाफ आए रोज ट्वीट कर रहे हार्दिक
युवा कांग्रेस नेता हार्दिक पटेल इसी तरह भाजपा सरकार को किसी न किसी मुद्दे पर आए रोज घेर रहे हैं। इससे पहले उन्होंने तबलीगी जमात की तारीफ में ट्वीट किया था। हार्दिक ने विगत रविवार को लिखा- एक गलती पर तुरंत गाली देते हो, लेकिन सराहनीय कार्य पर प्रशंसा ज़रूर करें। तब्लीगी जमात के लोगों ने एक नेक काम किया है। हरियाणा में झज्जर हॉस्पिटल में 129 मरीज़ ठीक हो गए, उनमें से कई अब दूसरे मरीज़ों की प्लाज़्मा थेरेपी के लिए अपना खून देने को तैयार हैं। ये क़ाबिले तारीफ़ हैं।'

गुजरात सरकार को कोरोना-टेस्टिंग पर घेरा
गुजरात में तेजी से फैल रहे कोरोना संक्रमण पर भी बीते दिनों हार्दिक ने ट्वीट किया था। उन्होंने राज्य में स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों की टेस्ट संख्या कम करने की खबरों के बीच आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर इसलिए कम टेस्ट करा रही है, ताकि मरीज न मिलें। हार्दिक बोले- 'यह मोदी का झूठा गुजरात मॉडल है।' उन्होंने आगे कहा, ''गुजरात कोरोना मरीज़ों की संख्या में देश में पहले स्थान पर ना पहुँचे, इसी वजह से गुजरात सरकार ने फ़ैसला किया है कि टेस्टिंग की संख्या कम कर दी जाएगी। बस इसी तरह झूठ और फ़रेब दिखाकर मेरे भारत को भाजपा ने ठगा है।'












Click it and Unblock the Notifications