वडोदरा: 15 दिन पहले पैदा हुए जुड़वां बच्चों को हुआ कोरोना, प्रशासन की बढ़ी चिंता
वडोदरा। देश में बढ़ते कोरोना के मरीजों ने फिर से प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है तो वहीं कोरोना की चपेट में अब नवजात बच्चे भी आ रहे हैं। ताजा मामले में गुजरात के वडोदरा के एक अस्पताल में दो नवजात जुड़वां बच्चे कोरोना संक्रमित निकले हैं, जिससे हड़कंप मच गया है। आपको बता दें कि ये दोनों बच्चे मात्र 15 दिन पहले ही पैदा हुए हैं, दोनों गंभीर रूप से डायरिया और डिहाइड्रेशन के शिकार हैं, दोनों बच्चों को वडोदरा के एसएसजी हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है।
Recommended Video

हालांकि दोनों बच्चों के बारे में अस्पताल के डॉक्टर्स ने कहा कि हां, दोनों बच्चे डायरिया और डिहाइड्रेशन के शिकार हैं और कोविड 19 दोनों का पॉजिटिव रहा है, हालांकि उनका इलाज चल रहा है और अब वो दोनों पहले से बेहतर हैं और पूरी तरह से हमारी निगरानी में हैं। हालांकि दोनों के शरीर में ये वायरस कहां से आया, इस बारे में अभी कुछ पता नहीं है. इसके अलावा डॉक्टर ने बच्चे के मां-बाप और परिवार के बारे में कुछ नहीं कहा। नवजात बच्चों को कोरोना की खबर ने प्रशासन की पेशानी पर बल डाल दिया है, फिलहाल उसने लोगों से सभी तरह से एहतियतान बरतने की अपील की है।
बीते 24 घंटों में कोरोना के 81,466 नए मामले
आपको बता दें कि देश में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ती ही जा रही है। शुक्रवार को स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर आंकड़ों के मुताबिक देश में बीते 24 घंटों में कोरोना के 81,466 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद संक्रमित मामलों की संख्या 1,23,03,131 हो गई है, तो वहीं बीते 24 घंटों में कोरोना से 469 लोग मौत के शिकार हो गए हैं, जिसके बाद मरने वालों की कुल संख्या 1,63,396 हो गई है। देश में अभी एक्टिव केस 6,14,696 है और कल तक कुल 6,87,89,138 लोगों को कोरोना का टीका लग चुका है।

जहां तक गुजरात की बात है तो ये भी देश के सबसे अधिक कोरोना ग्रस्त राज्यों में से एक है। गुरुवार को यहां कोरोना के 2410 नए केस आए हैं, जो कि एक दिन के हिसाब से काफी अधिक संख्या है। यही नहीं पिछले 24 घंटों में कोरोना के कारण 9 लोगों को जान से हाथ धोना पड़ा है, जिसके बाद राज्य में कुल मौतों का आंकड़ा 4528 पहुंच गया है। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है। जिसके तहत अब गुजरात आने वाले लोगों के पास कोरोना की निगेटिव रिपोर्ट होनी जरूरी है। ये रिपोर्ट RT-PCR ही होनी चाहिए। वैसे ये आदेश गुरुवार से लागू भी हो गया है।












Click it and Unblock the Notifications