Gujarat Election: गुजरात में इस बार भाजपा तोड़ देगी सभी पुराने रिकॉर्ड, बड़े अंतर से हम जीतेंगे: जेपी नड्डा
Gujarat Election: गुजरात में अगले महीने दो चरण में मतदान होंगे। मतदान से पहले भारतीय जनता पार्टी चुनाव प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंक रही है। इस बीच भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भरोसा जताया है कि उनकी पार्टी एक बार फिर से प्रदेश में रिकॉर्ड वोटों से जीत दर्ज करेगी। जेपी नड्डा ने कहा हम रिकॉर्ड जीत दर्ज करेंगे। गुजरात में हम सभी पुराने रिकॉर्ड को तोड़कर चुनाव में जीत दर्ज करेंगे। गुजरात में वैसे तो हमारी कोई लड़ाई है नहीं, लेकिन कांग्रेस पुरानी पार्टी है, उनके कुछ पुराने नेता हैं, लिहाजा वह छिटपुट कहीं-कहीं अपनी गतिविधि कर रहे हैं।

गुजरात के चुनाव में भाजपा ने तकरीबन 40 मौजूदा विधायकों का टिकट काट दिया है, ऐसे में पार्टी के भीतर बगावत भी देखने को मिली है। कई विधायक जिनके टिकट कट गए उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला लिया है। इसपर जेपी नड्डा ने कहा कि जिन लोगों को टिकट नहीं दिया गया है उन्हें नई जिम्मेदारी दी गई है, उनके टिकट काटे नहीं गए हैं। मैं भी इस बात को समझता हूं कि मैं जीवनभर पार्टी का अध्यक्ष तो रह नहीं सकता, लेकिन पार्टी की सेवा मैं हमेशा करता रहूंगा।
जेपी नड्डा ने कहा जो लोग निर्दलीय नामांकन कर रहे हैं, यह उनकी इच्छा है, कुछ लोग बाद में अपना नामांकन वापस ले लेते हैं। लोग नाराज होते हैं। इतने बड़े परिवार में कुछ लोग तो नाराज होते हैं, यह सामान्य बात है। कांग्रेस के जो विधायक भाजपा में शामिल हुए उन्हें टिकट दिए गए हैं, उसको लेकर नाराजगी है, इसपर नड्डा ने कहा कि जिन लोगों को कांग्रेस में यह लगता है कि पार्टी में रहकर वह बेहतर नहीं कर सकते हैं, वह हमारे साथ जुड़ते हैं। हम अपनी विचारधारा से कोई समझौता नहीं करते हैं। किसी भी पार्टी के नेता के भाजपा में आने से हमारी विचारधार में कोई बदलाव नहीं आता है।
बता दें कि भारतीय जनता पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, सौरव पटेल जैसे कई नेताओं के टिकट काट दिए हैं। केंद्रीय मंत्री और गुजरात के प्रभारी भूपेंद्र यादव ने कहा था कि इन नेताओं ने खुद से चुनाव नहीं लड़ने की इच्छा जताई थी। तकरीबन 8 पूर्व मंत्रियों को इस बार भाजपा ने टिकट नहीं दिया है। तकरीबन 40 फीसदी नए चेहरों को चुनावी मैदान में उतारा गया है।












Click it and Unblock the Notifications