Gujarat Election: कांग्रेस की चौथी लिस्ट भी हुई जारी, 9 प्रत्याशियों के नाम
हिमाचल प्रदेश में मतदान खत्म होने के बाद अब सभी पार्टियों ने अपना पूरा फोकस गुजरात पर कर लिया है। जिस वजह से वहां पर तेजी से प्रत्याशियों का ऐलान सभी पार्टियां कर रहीं। इस बीच शनिवार को कांग्रेस ने अपनी चौथी लिस्ट जारी कर दी, जिसमें 9 प्रत्याशियों का नाम है। पार्टी राज्य में अब तक कुल 104 प्रत्याशियों की घोषणा कर चुकी है।

कांग्रेस ने आगामी चुनाव में द्वारका से मलूभाई कंडोरिया, तालाला से मनीष डोडिया, कोडीनार से महेश मकवाना, भावनगर ग्रामीण से रेवत सिंह गोहिल, भावनगर पूर्व से बलदेव सोलंकी, बोटाद से रमेश मेर, जम्बुसार से संजय सोलंकी, भरूच से जयकांत भाई पटेल और धरमपुर से किशनभाई पटेल को मैदान में उतारा है। पार्टी नेताओं के मुताबिक काफी विचार विमर्श के बाद प्रत्याशियों के नाम फाइनल किए गए हैं। जल्द ही बची हुई सीटों पर भी ऐलान कर दिया जाएगा।
क्या था पिछले चुनाव का नतीजा?
गुजरात के राजनीतिक समीकरण की बात करें, तो वहां पर विधानसभा की कुल 182 सीटें हैं, जिसमें से पिछले चुनाव में बीजेपी ने 99 जीती थीं। इसके बाद 77 सीटों के साथ कांग्रेस दूसरे नंबर पर रही। अन्य दलों का प्रदर्शन 2017 में कुछ खास नहीं था, जिस वजह से बीटीपी ने 02, एनसीपी ने 1 और अन्य ने 3 सीटों पर कब्जा जमाया।
घोषणा पत्र हो चुका है जारी
वहीं शनिवार को कांग्रेस ने गुजरात चुनाव के लिए अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया। जिसमें नरेंद्र मोदी स्टेडियम का नाम बदलने का वादा किया गया। इसके अलावा सरकार बनने के बाद जनता को कई अन्य सौगात देने की बात भी पार्टी ने कही है, जो कुछ इस तरह हैं-
-सरकारी और अर्ध-सरकारी क्षेत्रों में दस लाख रोजगार।
-युवाओं को 3000 रु. प्रति महीने का बेरोजगारी भत्ता।
-पुरानी पेंशन योजना को फिर से बहाल करना।
-सभी मछुआरों की 3 लाख रुपये तक की कर्जमाफी।
-फसल की उचित कीमत सुनिश्चित करने के लिए 'लागत निर्धारण समिति' का गठन।
-दिव्यांगों, विधवाओं, वरिष्ठ नागरिकों और जरूरतमंद महिलाओं को 2000 रुपये की पेंशन।
-कोरोना वायरस की वजह से अपने परिजनों को खोने वाले परिवार के सदस्यों को सरकारी नौकरी।
-10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज।
-कोरोना से प्रभावित परिवार को 4 लाख का मुआवजा।
-कम कीमत की दवा के लिए 'जनता मेडिकल स्टोर' की खोले जाएंगे।
-हर महीने 300 यूनिट मुफ्त बिजली।
-500 रुपये में एलपीजी सिलेंडर का वादा।
-3000 अंग्रेजी मीडियम के सरकारी स्कूल खोले जाएंगे।
-लड़कियों को पोस्ट ग्रेजुएशन तक निशुल्क शिक्षा।












Click it and Unblock the Notifications