Gujarat Day 2023: सबसे लंबा समुद्र तट, ग्रीन राजधानी, गुजरात के बारे में ये 10 बातें नहीं जानते होंगे आप
Gujarat Day 2023: 01 मई 1960 को गुजरात राज्य के गठन के उपलक्ष्य में गुजरात दिवस मनाया जाता है। इससे पहले, गुजरात बॉम्बे राज्य का एक हिस्सा था।

Gujarat Day 2023: गुजरात राज्य की स्थापना 01 मई को हुई थी। इसी दिन 1960 में बॉम्बे के तत्कालीन राज्य को भाषाई रूप से विभाजित किया गया था और महाराष्ट्र और गुजरात, दो राज्यों का गठन किया गया था। गुजरात की आधिकारिक भाषा 'गुजराती' है। ये एक इंडो-आर्यन भाषा है जो स्थानीय प्राकृत और संस्कृत से मिलकर बनी है। गुजरात को प्राचीन काल से 'पश्चिमी भारत का गहना' कहा जाता है।
गुजरात भारत का सबसे समृद्ध राज्यों में से एक है। भारत में गुजरात जनसंख्या के मामले में नौवें और राज्य के आकार के मामले में पांचवें स्थान पर है। गुजरात संस्कृत शब्द 'गुर्जर और राष्ट्र' से मिलकर बना है।
गुजरात को मुगल काल से सदियों पहले गुर्जरत्रा (गुर्जरों द्वारा शासित या संरक्षित देश) या गुर्जरभूमि के रूप में जाना जाता था। गुजरात को सिंधु घाटी सभ्यता के मुख्य केंद्र के रूप में भी देखा जाता है।

गुजरात दिवस पर आइए जानें इस राज्य से जुड़ी 10 रोचक बातें...
1. गुजरात में किसी भी अन्य भारतीय राज्य की तुलना में सबसे लंबा समुद्र तट है।
2. गुजरात सिंधु घाटी सभ्यता के प्रमुख केंद्रों में से एक रहा है। इसमें सिंधु घाटी के प्रमुख प्राचीन महानगरीय शहर जैसे लोथल, धोलावीरा और गोला ढोरो शामिल हैं। भारत का पहला बंदरगाह लोथल के प्राचीन शहर में स्थापित किया गया था।

3. गुजरात में 17 हवाई अड्डे हैं। गुजरात भारत में सबसे अधिक संचालित हवाई अड्डों वाला राज्य है।
4. गांधीनगर पूरे एशिया में सबसे हरा-भरा यानी ग्रीन राजधानी वाला शहर है। गुजरात की पहली राजधानी अहमदाबाद थी लेकिन 1970 में राजधानी को गांधीनगर किया गया।

5. जामनगर में तेल रिफाइनरी दुनिया की सबसे बड़ी जमीनी रिफाइनरी है। इसे रिलायंस पेट्रोलियम लिमिटेड संचालित करती है। जो धीरूभाई अंबानी द्वारा स्थापित रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की समूह कंपनियों में से एक है।
6. ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी सबसे पहले सूरत पहुंची थी।
7. गुजरात में पहली सूती मिल बनाई गई थी।

8. गुजरात में दुनिया का सबसे बड़ा जहाज कबाड़खाना है। गुजरात में एशिया में सबसे बड़ी डेयरी है।
9. भारत का सबसे बड़ा जिला कच्छ, गुजरात में स्थित है। विश्व का सबसे बड़ा नमक का मरुस्थल कच्छ का रण है।
10. गुजरात के एक जिले भावनगर में 900 जैन मंदिर हैं।गुजरात में करीब 12000 साल पहले द्वारका नाम की एक नगरी थी।












Click it and Unblock the Notifications