गुजरात में अब 1 दिन में सिर्फ 62 कोरोना मरीज मिले, 16 जिलों में एक भी मामला दर्ज नहीं हुआ
अहमदाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृहराज्य गुजरात में कोरोना महामारी अब नियंत्रण में है। राज्य सरकार का स्वास्थ्य विभाग आए रोज जो आंकड़े जारी कर रहा है, उससे यह जाहिर होता है कि, कोरोना का संक्रमण सिर्फ कुछ ही इलाकों तक सीमित हो गया है। अब एक दिन में 100 से भी कम कोरोना मरीज मिल रहे हैं। वहीं, सक्रिय मरीज भी घटकर 2,333 रह गए हैं। बीते रोज की बात की जाए तो राज्यभर में सिर्फ 62 नए मरीज मिले। इसके अलावा 2 मरीजों ने दम तोड़ा।

स्वास्थ्य विभाग का यह भी दावा है कि, गुजरात में अब तक कोरोना के कुल 823895 मामले ही दर्ज हुए हैं। वहीं, 10071 लोगों की जान गई है। इसके उलट विपक्षी दल कांग्रेस दावा करती है राज्य में कोरोना से 2 लाख से ज्यादा लोगों की जान गई है। अस्पतालों से प्राप्त डेटा और सरकार द्वारा घोषित किए गए मौत के आंकड़ों में भी बड़ा अंतर है। फिलहाल एक बड़ी बात यह भी सामने आई है कि, बीते 24 घंटों के दौरान 16 जिलों में कोरोना का एक भी नया मरीज नहीं दर्ज किया गया। यहां जिन 16 जिलों में एक भी नया मरीज सामने नहीं आया है.. उनमें तापी, सुरेन्द्रनगर, पोरबंदर, पाटण, नर्मदा, मोरबी, महेसाणा, महिसागर, कच्छ, देवभूमि द्वारका, डांग, दाहोद, छोटा उदेपुर, बोटाद, आणंद और अरवल्ली जिले शामिल हैं।

राज्य में मिले 62 नए कोरोना मरीजों में से सबसे अधिक 15 अहमदाबाद जिले के हैं। इसके अलावा सूरत जिले में 11 मरीज, वडोदरा में आठ, भावनगर में पांच और गांधीनगर व राजकोट में 3-3 मरीज सामने आए हैं। सोमवार को अहमदाबाद और सूरत में एक-एक मरीज ने कोरोना के कारण दम तोड़ा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से यह भी बताया गया कि, राज्यभर में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या अब 2333 रह गई है। जिनमें से 9 की हालत गंभीर है और उन्हें वेंटिलेटर पर उपचार दिया जा रहा है। जबकि 2324 की हालत स्थिर है।
एक दिन में कोरोना को मात देकर ठीक होने वालों की बात की जाए तो, सोमवार को राज्यभर में 194 लोगों को डिस्चार्ज किया गया। सरकार के मुताबिक, अब तक कोरोना को मात देने वालों की संख्या 811491 हो गई है। इसके साथ ही रिकवरी रेट भी बढक़र 98.49 पर्सेंट हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications