गुजरात विधानसभा उपचुनाव परिणाम 2020: इन 8 सीटों को जीतेंगे कौन-कौन, मतगणना में फैसला आज
गांधीनगर। गुजरात में आठ विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के परिणाम आज जारी किए जा रहे हैं। यहां 3 नवंबर को जिन सीटों पर वोट डाले गए थे, वे सीटें थीं- अबडासा, मोरबी, कपराडा, धारी, करजण, लिमंडी, गढडा और डांग। आज इन्हीं सीटों के उम्मीदवारों की हार जीत का फैसला होने वाला है। अगर एग्जिट पोल के अनुमान सही साबित हुए तो कांग्रेस को इस चुनाव में तगड़ा झटका लगने वाला है। इंडिया टुडे के एग्जिट पोल में कांग्रेस को महज 1 सीट मिलते दिखाई गई। वहीं, 7 सीटों पर सत्तारूढ भाजपा का कब्जा होते दिखा गया। अब इन सभी सीटों पर मतगणना चल रही है। कुछ ही देर में रुझान आने लगेंगे।

इन सीटों पर कांग्रेस विधायकों ने दिए थे इस्तीफे
आज आ रहे चुनाव परिणाम वाली आठों विधानसभा की सीटें वही हैं, जिन पर कांग्रेस ने पिछला चुनाव जीता था। इसी साल जून महीने में राज्यसभा चुनाव के दरम्यान कांग्रेस विधायकों ने इस्तीफा देकर भाजपा ज्वॉइन कर ली थी। जिससे वे सीटें खाली हो गईं। बहरहाल, यही सीटें कांग्रेस के लिए प्रतिष्ठा का सबसे बड़ा प्रश्न है। उपचुनाव के दौरान दोनों सियासी दलों भाजपा और कांग्रेस के नेताओं ने पिछले दिनों अपनी-अपनी पार्टी की जीत के दावे किए। वहीं, चुनाव होने के बाद जो एग्जिट पोल आए, उसके मुताबिक, इन उपचुनावों में भाजपा को 49% वोट हासिल होते दिखाए गए। जबकि कांग्रेस को 40% वोट दिखाए गए।

अभी गुजरात में किसके-कितने विधायक?
गुजरात भाजपा के चाणक्य कहे जाने वाले अमित शाह और मौजूदा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गृहराज्य है। यहां विधानसभा में कुल 182 सीटे हैं। अभी भाजपा के पास अपने 103 विधायक हैं। वहीं, कांग्रेस के विधायकों की संख्या 65 है। इनके अलावा कुछ विधायक अन्य पार्टी से हैं। आज सवाल यही है कि क्या कांग्रेस आठों सीटों पर फिर अपना परचम लहराएगी या फिर इन्हें जीतकर भाजपा अपनी स्थिति मजबूत करती है।













Click it and Unblock the Notifications