गुजरात के पालनपुर में निर्माणाधीन पुल ढहा, तीन लोग मलबे में दबे
गुजरात के पालनपुर में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया, जहां निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा ढह गया। इस घटना में एक ऑटो-रिक्शा चालक सहित तीन लोग मलबे के ढेर के नीचे दब गए। घटना के तुरंत बाद प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया था।
जानकारी के मुताबिक मजदूर सोमवार को रोजाना की तरह काम कर रहे थे, तभी पुल का एक हिस्सा गिर गया। घटना के बाद वहां पर अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में घायलों को निकालने का काम शुरू कर दिया गया। साथ ही मामले की जांच की जा रही है।

वहीं कांग्रेस नेता अमित चावड़ा ने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने ट्विटर पर लिखा कि पालनपुर आरटीओ सर्कल के पास एक ओवरब्रिज ढह गया। ओवरब्रिज का एक हिस्सा ढहने से रिक्शा चालक सहित तीन लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। ये ब्रिज नहीं है, बल्कि भ्रष्टाचार का विकास हुआ है, अब फिर से अधिकारी बदले जाएंगे। क्या उन्हें डांटा जायेगा?
Recommended Video
मामले में पालनपुर विधायक अनिकेत ठाकर ने कहा कि इस पुल का निर्माण करीब डेढ़ से दो साल पहले शुरू हुआ था। यह पुल अगले जनवरी में पूरा होना था। ये अभी अधूरा है। इसे पालनपुर हाईवे पर बनाया जा रहा। घटना के कारणों की जांच करवाई जाएगी।
वहीं घटना की खबर मिलते ही कलेक्टर वरुणकुमार बरनवाल भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि पालनपुर में पुल गिरने की घटना सामने आने पर हम जिला प्रशासन के साथ घटनास्थल पर हैं। हम वर्तमान में साइट को साफ करने के लिए आवश्यक व्यवस्था कर रहे हैं। जल्द ही हम इस पूरे सिस्टम को व्यवस्थित करने पर काम कर रहे हैं।
2022 में हुआ था बड़ा हादसा
आपको बता दें कि अक्टूबर 2022 में गुजरात के मोरबी में एक बड़ा हादसा हुआ था, जहां मच्छु नदी पर बना पुल टूट गया। उस घटना में करीब 150 लोगों की जान गई थी, जबकि बड़ी संख्या में लोग घायल हुए थे।












Click it and Unblock the Notifications