Gujarat Elections 2022: गुजरात में भाजपा को ओपिनियन पोल के अनुमान से ज्यादा सीटें जीतने का दावा
गुजरात के 182 विधानसभा सीटों के लिए वोटिंग दो चरणों में होगी। पहले चरण की वोटिंग 1 दिसंबर और दूसरे चरण की वोटिंग 5 दिसंबर को है। चुनाव से पहले लगभग सभी पार्टियों की तरफ से अपनी जीत का दावा किया जा रहा है। लेकिन सीवोटर एबीपी (CVoater ABP) ने अपने ओपिनियन पोल में दावा किया है कि प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बनेगी और भाजपा पूर्ण बहुमत से जीत हासिल करेगी। यह सर्वे राज्य में युवाओं सहित अन्य वर्गों के विचार को जानने को लेकर किया गया था।

भाजपा को 139 सीट मिलने का अनुमान
सीवोटर एबीपी (CVoater ABP) के ओपिनियन पोल के मुताबिक प्रदेश के 182 विधानसभा में भाजपा को 131 से 139 सीटों के बीच जीतने का अनुमान जताया गया है। वहीं, इससे पहले 2017 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 99 सीटों पर जीत हासिल की थी। इसके अलावा सर्वे में दावा किया गया कि कांग्रेस की सीटें इस बार कम होंगी और पार्टी को इस बार सिर्फ 31 से 39 बीच ही सीटें मिलेंगे। वहीं, 2017 विधानसभा चुनाव में पार्टी को 77 सीटें मिली थीं।
आप को मिल सकती हैं 7 से 15 सीटें
सीवोटर एबीपी (CVoater ABP) में अनुमान जताया गया है कि प्रदेश में आम आदमी पार्टी (आप) को 7 से 15 सीटें मिल सकती हैं। दावा किया गया है पार्टी के लिए इस बार गुजरात चुनाव सप्राइज साबित होगा। क्योंकि 2017 में पार्टी का गुजरात में कोई जनाधार नहीं था। सर्वे में दावा किया गया है कि कांग्रेस का एक बड़ा वोट आप के साथ जुड़ रहा है।
भाजपा का दावा ओपिनियन पोल में किए गए दावे से ज्यादा सीटें जीतेगी पार्टी
सीवोटर एबीपी (CVoater ABP) सर्वे पर गुजरात भाजपा के मुख्य प्रवक्ता यमल व्यास ने टिप्पणी करते हुए कहा कि सर्वेक्षण में जितना अनुमान लगाया गया है उससे भी अधिक सीटों की उम्मीद हम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सर्वे में आप को 7 से 15 सीटों पर जीत दर्ज करने का दावा किया गया है, लेकिन यह गलत साबित होगा और पार्टी को एक सीट भी नहीं मिलेगी। वहीं, उन्होंने कांग्रेस को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा जनता को गुमराह करने के लिए कांग्रेस और आप को इतनी सीटों के जीतने का अनुमान बताया गया है।
कांग्रेस ने भी किया अपनी जीत का दावा
कांग्रेस प्रवक्ता अमित नायक ने आईएनएस को बताया कि ओपिनियन पोल पहले भी कई बार गलत साबित हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने आप और एआईएमआईएम को सत्ता विरोधी वोट बांटने के लिए गुजरात लाया है। लेकिन इस बार उसकी रणनीति विफल हो जाएगी, क्योंकि लोगों ने शुरुआत कर दी है। उन्होंने कहा कि गुजरात विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को 125 सीटे मिलेंगी और पार्टी सरकार बनाएगी।
आप प्रवक्ता ने कहा कि सर्वे पूरी तरह गलत साबित होंगे
आप प्रवक्ता योगेश जादवानी ने आईएएनएस से कहा कि दिल्ली में तीन बार और पंजाब में एक बार लोगों ने साबित किया है कि ये सर्वेक्षण पूरी तरह से गलत हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि अब यही गुजरात में भी होगा। क्योंकि लोगों ने सरकार बदलने का मन बना लिया है। इधर राजनीतिक विश्लेषक दिलीप गोहिल का कहना है कि अगर आप को 20 फीसदी वोट शेयर मिल रहा है, जैसा कि ओपिनियन पोल में अनुमान जताया जा रहा है, तो इस बात की पूरी संभावना है कि इससे सत्तारूढ़ पार्टी (भाजपा) के वोट शेयर में भी सेंध लगेगी। उन्होंने कहा कि शुरुआती संकेत हैं कि आप की मौजूदगी से भाजपा को काफी फायदा हो रहा है, लेकिन चीजें बदल सकती हैं।
ये भी पढ़ें- Gujarat: चुनाव से पहले सत्तारूढ़ भाजपा को झटका, इस बड़े नेता ने दे दिया इस्तीफा












Click it and Unblock the Notifications