गुजरात में मुस्लिम बहुल सीटों पर भी भाजपा की बंपर जीत, कहां कैसा रहा परिणाम ? देखिए
गुजरात विधानसभा चुनाव में इस बार बीजेपी ने मुस्लिम बहुल सीटों पर भी अप्रत्याशित सफलता प्राप्त की है। ज्यादातर सीटों पर वह बंपर मार्जिन से जीत गई है। कुछ सीटों पर भाजपा को आधे से भी कहां ज्यादा वोट हासिल हुए हैं।

Gujarat Assembly Election 2022 Results (गुजरात विधानसभा चुनाव परिणाम) Hindi News: गुजरात की 182 विधानसभा सीटों के लिए गुरुवार को वोटों की गिनती हुई। अधिकतर सीटों के नतीजे आ चुके हैं और बीजेपी ने वहां रिकॉर्ड कायम कर लिया है। उसे गुजरात में अबतक हुए सारे विधानसभा चुनावों से भी सबसे अधिक सीटें मिली हैं। वोट शेयर के मामले भी भाजपा अपने सभी विरोधियों पर दबदबा बना चुकी है और उसे 53 फीसदी के करीब वोट मिले हैं। आम आदमी पार्टी को भी करीब 13 फीसदी वोट मिले हैं। जबकि कांग्रेस लगभग 27 फीसदी वोट जुटा सकी है। बीजेपी के लिए सबसे बड़ी बात ये है कि मुस्लिम-बहुल सीटों पर भी उसने डंका बजा दिया है।

दरियापुर में भाजपा का शानदार प्रदर्शन
गुजरात में अहमदाबाद की दरियापुर सीट मुस्लिम बहुल मानी जाती है। यहां 46 फीसदी से अधिक मुस्लिम वोटर हैं। सात में से पांच उम्मीदवार मुसलमान हैं। यहां के रुझान में बीजेपी उम्मीदवार कौशिकभाई सुखलाल जैन को 49 फीसदी से भी अधिक वोटों से बढ़त बनाई है। वहीं कांग्रेस के प्रत्याशी गयासुद्दीन हबीबुद्दीन शेख को 45 फीसदी से थोड़ा कम वोट मिलाहै। 2017 में कांग्रेस के सीटिंग विधायक शेख 5 हजार से कम वोटों से जीते थे।

जमालपुर-खड़िया में कांग्रेस जीती
लेकिन, जमालपुर-खड़िया में मुसलमान वोटर बहुसंख्यक हैं। यहां कांग्रेस के मौजूदा विधायक इमरान खेड़ावाला ने जीत दर्ज की है। उन्होंने 13,658 वोटों से बीजेपी के भूषण अशोक भट्ट को हरा दिया है। इस सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार को 58487, बीजेपी प्रत्याशी को 44829 और ओवैसी की एआईएमआईएम उम्मीदवार सबीरभाई काबलीवाला को 15677 वोट मिले हैं।

वेजलपुर में भाजपा को बंपर बढ़त
अहमदाबाद की ही वेजलपुर सीट पर भी मुस्लिम वोटरों की तादाद बहुत ज्यादा है। यहां 15 में से 9 उम्मीदवार मुसलमान थे। लेकिन फिर भी भाजपा के अमित ठक्कर ने कांग्रेस के राजेंद्र पटेल को 59651 वोटों से पीछे छोड़ दिया। भाजपा प्रत्याशी को यहां 56% से ज्यादा की बढ़त मिली, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार करीब 30% वोट ही ले पाया। आम आदमी पार्टी के कल्पेश पटेल ने भी यहां पर लगभग 10% वोट प्राप्त किए।

बापूनगर और सूरत पूर्व में बीजेपी जीती
इसी तरह अहमदाबाद की ही बापूनगर सीट पर 28% मुसलमान वोटर हैं, जहां भाजपा के दिनेश सिंह राजेंद्रसिंह कुशवाहा ने कांग्रेस के हिम्मत सिंह पटेल को 12,070 वोटों से पराजित किया है। वहीं सूरत पूर्व सीट पर करीब 22% मुस्लिम वोटर हैं। यहां के 14 में से 12 उम्मीदवार मुसलमान थे। यहां पर भाजपा के अरविंद शांतिलाल राणा ने कांग्रेस के असलम फिरोजभाई साइकिल वाला को 14017 वोटों के अंतर से हराया है। यहां बीजेपी को 52.45% और कांग्रेस को करीब 42.4% वोट मिले हैं।

गोधरा और भुज में भी बीजेपी को जीत मिली
गुजरात के गोधरा और भुज विधानसभा क्षेत्रों में भी मुस्लिम वोट काफी मायने रखते हैं। हालांकि, इन दोनों सीटों पर रणनीति के तहत कांग्रेस ने मुसलमानों को टिकट नहीं दिया था। लेकिन, गोधरा में बीजेपी प्रत्याशी सीके राउलजी को 35198 वोटों से जीत मिली है। उन्हें 51.65% वोट हासिल हुए हैं, जबकि कांग्रेस की रश्मिताबेन दुश्यंतसिंह चौहान को सिर्फ 32.76% वोट से ही संतोष करना पड़ा है। बिलकिस बानो के दोषियों को लेकर अपनी संस्कारी टिप्पणी करने वाले राउलजी को यहां से 2017 में सिर्फ 258 वोटों से जीत मिली थी। इसी तरह भुज की बात करें तो भाजपा उम्मीदवार केशुभाई शिवदास पटेल ने 59814 वोटों से जीत हासिल की है। उन्हें यहां 53.59% वोट मिले हैं, तो कांग्रेस के अर्जन भुडिया को महज 20.4% वोट मिल पाया है। यहां एआईएमआईएम के शकील मोहम्मद सामा को भी 17.36% वोट आए रहे हैं।

भरूच में कांग्रेस पर बहुत भारी पड़ी भाजपा
इसी तरह कांग्रेस के पूर्व दिवंगत नेता और सोनिया गांधी के राजनीतिक सचिव रहे अहमद पटेल के क्षेत्र भरुच में भी बीजेपी की लहर दिखाई पड़ी। यहां पार्टी उम्मीदवार रमेशभाई एन मिस्त्री ने 64473 वोटों के अंतर से जीत हासिल की है। यहां पर उन्हें 63.24% वोट मिले हैं, जबकि कांग्रेस के जयकांतभाई बी पटेल को 25.71% वोट मिल पाया है। यहां आम आदमी पार्टी के मनहरभाई एम परमार को भी 8.45% वोट प्राप्त हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications