गुजरात: चुनाव से पहले सीएम पटेल ने किया बड़ा फेरबदल, दो अहम विभाग मंत्रियों से लेकर अपने पास रखे
गांधीनगर, 21 अगस्त: गुजरात में विधानसभा के चुनाव करीब आ गए हैं। इस बीच गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने बड़ा कैबिनेट फेरबदल किया है, जहां राजेंद्र त्रिवेदी से राजस्व विभाग छीन लिया गया। इसके अलावा पूर्णेश मोदी से भी सड़क एवं भवन मंत्रालय वापस लिया गया है। अब ये दोनों विभाग मुख्यमंत्री के पास रहेंगे। शनिवार रात हुए इस फेरबदल से गुजरात के राजनीतिक गलियारों में खलबली मची हुई है।
Recommended Video

दरअसल ये पूरा फेरबदल काफी ज्यादा चौंकाने वाला है, क्योंकि राजस्व विभाग से हटाए गए राजेंद्र त्रिवेदी गुजरात सरकार में दूसरे नंबर के माने जाते हैं। जब भूपेंद्र पटेल ने मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली, तो उनके तुरंत बाद त्रिवेदी ने शपथ ली। हालांकि अभी उनके पास कानून और न्याय, आपदा प्रबंधन, विधायी और संसदीय मामलों के मंत्रालय हैं। वहीं पूर्णेश मोदी परिवहन, नागरिक उड्डयन, पर्यटन और तीर्थ विकास मंत्रालय संभालेंगे।
इसके अलावा हर्ष रमेश कुमार सांघवी को राज्य मंत्री (MoS) के रूप में राजस्व मंत्रालय का प्रभार दिया गया, जबकि जगदीश ईश्वर पांचाल को राज्य मंत्री (MoS) के रूप में सड़क और भवन मंत्रालय की जिम्मेदारी मिली है। वैसे तो इस मामले में बीजेपी के नेता कुछ बोल नहीं रहे हैं, लेकिन माना जा रहा है कि इसके लिए दिल्ली हाईकमान से मंजूरी ली गई थी।
चर्चा में रहते हैं त्रिवेदी
भूपेंद्र पटेल ने पिछले सितंबर में मुख्यमंत्री के रूप में विजय रूपानी की जगह ली थी, जिसके बाद पूरे गुजरात मंत्रिमंडल को बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा इस्तीफा देने के लिए कहा गया था। उस दौरान त्रिवेदी और पूर्णेश मोदी को बड़ी जिम्मेदारी मिली थी। जब राजेंद्र त्रिवेदी राजस्व मंत्री थे, तो उन्होंने कई कार्यलायों का अचानक निरीक्षण किया था, जिस वजह से वो चर्चा में बने रहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications