अमित शाह ने की NRI गुजरातियों से भाजपा के दूत बनने की अपील, बोले- PM मोदी ने देश को किया आतंक से मुक्त
अहमदाबाद। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने NRI गुजरातियों से की भाजपा के दूत बनने की अपील की। अमित शाह ने कहा कि, आपने हमेशा भारतीय जनता पार्टी की जीत में अपना अहम योगदान दिया है। गुजरात के गांवों में रहने वाले लोग आपको रोल मॉडल के रूप में जानते हैं। इसलिए आपके संदेश का आपके गांवों में बहुत महत्व है। मैं आपसे अपील करता हूं कि नरेंद्रभाई मोदी के संदेश और देश के विकास के संदेश को फैलाएं। मोदीजी ने देश को आतंक-मुक्त बनाया है।

अमित शाह ने ये बातें आज अहमदाबाद के एक कार्यक्रम में कहीं। कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने विदेशों में रहने वाले गुजरातियों की जमकर तारीफ की। शाह ने कहा कि, जहां भी गुजराती बसे हैं, उन्होंने उन देशों को गौरवान्वित किया है और न केवल देश बल्कि पूरी दुनिया के विकास में योगदान दिया है। साल 1990 के बाद से जब भी चुनाव हुए हैं, गुजरात के लोगों ने भाजपा की जीत में अहम भूमिका निभाई है। इन जीतों में विदेशों में रहने वाले गुजरातियों की भी अहम भूमिका है।'
शाह बोले कि, मेरी NRIs से अपील है कि वे भाजपा के दूत बनें, वे मोदीजी के विकास-कार्यों के बारे में लोगों को बताएं।
शाह ने आज कहा कि, भाजपा सरकार ने गुजरात के विकास के लिए काम किया है और मोदीजी ने गुजरात को विश्व स्तर पर पहचान दी है। गुजरात के सीएम के रूप में भी मोदीजी ने विकास को नई दिशा दी। उन्होंने जनता में एक विश्वास पैदा किया कि वंशवाद, जातिवाद और तुष्टीकरण के बिना भी चुनावी राजनीति संभव है। उन्होंने देशवासियों को सिखाया है कि आपदा को अवसर में कैसे बदला जा सकता है।' बकौल शाह, 'मोदीजी ने आतंक के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के साथ देश को आतंक-मुक्त बनाया है। उन्होंने हमें बिना किसी हिचकिचाहट के विश्व में अपनी सांस्कृतिक विरासत को विश्व भर में दिखाना भी बताया है।'
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने अपने संबोधन में भारत को दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने पर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की व्यक्तिगत तौर पर सराहना की। शाह ने कहा कि हम उन लोगों की तुलना में बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहे हैं, जिन्होंने हम पर शासन किया। आज का भारत दुनिया का बड़ा मैन्युफैक्चरिंग हब बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। आज के भारत में आतंक का सामना सर्जिकल स्ट्राइक से किया जाता है।'












Click it and Unblock the Notifications