गुजरात AAP नेता युवराज सिंह जडेजा को भेजा साबरमती सेंट्रल जेल, पुलिस पर हमला करने का आरोप
गांधीनगर, 07 अप्रैल: गुजरात में आम आदमी पार्टी (आप) की यूथ विंग के अध्यक्ष युवराज सिंह जडेजा को गांधीनगर की एक मजिस्ट्रेट अदालत ने बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। जडेजा पर पुलिस से मारपीट और हत्या के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार किया गया, जिसके बाद उन्हें साबरमती सेंट्रल जेल भेजा गया है। बेरोजगारों के लिए आंदोलन कर पेपर लीक का मुद्दा उठाने वाले युवराज सिंह को गुजरात पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किया था।

युवराज सिंह को पुलिस के साथ हाथापाई करने, धक्का देने और भागने का प्रयास करने और पुलिस की गाड़ी में टक्कर मारने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। इतना ही नहीं पुलिस ने गाड़ी चढ़ाने का प्रयास करते हुए एक वीडियो भी जारी किया है।
युवराज सिंह जडेजा को सरकारी पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा में अनियमितताओं को उजागर करने का श्रेय दिया जाता है। मयूर चावड़ा, एसपी (इंटेलिजेंस) गांधीनगर ने बताया कि 33 वर्षीय जडेजा, जिन्हें आप के अन्य कार्यकर्ताओं के साथ सरकारी स्कूलों में सहायक शिक्षकों की भर्ती के संबंध में विरोध प्रदर्शन करने के लिए मंगलवार को पुलिस ने हिरासत में लिया था, उन्होंने एक पुलिस अधिकारी के ऊपर अपना वाहन चढ़ाने की कोशिश की। चावड़ा ने कहा, "पुलिस अधिकारी ने वाहन के बोनट पर चढ़ा और कार के वाइपर ब्लेड पकड़कर खुद को बचाया।"
पुलिस ने आईपीसी 332 (सरकारी कर्मचारी को स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) और 307 (हत्या का प्रयास) के तहत आरोप दर्ज किए हैं। पुलिस के अनुसार जडेजा मंगलवार शाम को गांधीनगर सेक्टर 27 स्थित एसपी कार्यालय में सहायक शिक्षक पद के लिए करीब 55 उम्मीदवारों का समर्थन करने पहुंचे थे। वे ऐसे शिक्षकों की संख्या बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने आरोप लगाया कि जडेजा ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की और बाद में मौके से भागने की कोशिश की। गांधीनगर पुलिस ने घटना का वीडियो भी जारी किया।












Click it and Unblock the Notifications