कांग्रेस-भाजपा का शासन देख चुकी जनता, अब केजरीवाल को देगी मौका: गुजरात में बोले 'आप' के सह-प्रभारी राघव चड्ढा
गिर सोमनाथ। गुजरात में 'आप' के सह-प्रभारी राघव चड्ढा आज गिर सोमनाथ आए। यहां उन्होंने सोमनाथ मंदिर प्रार्थना की। इसके बाद उन्होंने एक सभा को संबोधित किया। राघव चड्ढा ने कांग्रेस-भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि, ये पार्टियां लोगों का भला नहीं करतीं। ये सिर्फ शासन करने आती हैं। मैं कहूंगा कि, कांग्रेस को 35 साल देने के बाद, बीजेपी को 27 साल देने के बाद, इस बार लोगों ने मन बना लिया है कि वे केजरीवाल को मौका देंगे।

'आप की सरकार बनी तो मुकदमे वापस लेंगे'
'आप' के नेशनल जॉइंट जनरल सेक्रेटरी इसुदान गढ़वी का भी बड़ा बयान आया। गढ़वी ने आज कहा कि, यदि प्रदेश में उनकी सरकार बनती है तो पाटीदार आंदोलन के समय जिन पर पुलिस केस लगाये गये हैं, उन्हें वापस लिया जायेगा। इसुदान गढ़वी ने कहा कि भाजपा पाटीदार समाज के नेताओं को अपनी पार्टी में सम्मिलित करती रही है, लेकिन इसका समाज को लाभ नहीं हो रहा। आपने देखा होगा कि 2017 में कुछ पाटीदार नेताओं को भाजपा में शामिल किया गया था, मगर उनकी आज क्या हालत हो गई है। हमें लगता है कि भाजपा की छवि पाटीदार विरोधी हो गई है। इसी छवि को सुधारने के लिये पाटीदार युवकों का पुनः दुरुपयोग करने का भाजपा सोच रही है।' यहां इसुदान गढ़वी का इशारा पाटीदार नेता अल्पेश कथिरिया की ओर था, जिनके राजनीति में प्रवेश को लेकर प्रदेश में अटकलें चल रही हैं।

'हार्दिक पटेल डर गये और भाजपा में शामिल हो गये'
इसुदान गढ़वी का कहना है कि, कल्पेश भाजपा को बेहतर ढंग से जानते हैं। गढ़वी ने कहा, 'भाजपा ने अल्पेश सहित तमाम पाटीदार युवकों पर पहले जुल्म ढहाया। उन्हें बार-बार जेल में धकेला। पाटीदार आंदोलन के दौरान जिनकी मृत्यु हो गई थी, उन्हें शहीद का दर्जा भी नहीं दिया गया। लेकिन बाद में उन्होंने पाटीदार अग्रणियों अपने साथ लेना शुरू कर दिया। उससे हार्दिक पटेल डर गये और भाजपा में शामिल हो गये, लेकिन आज हार्दिक की क्या हालत है, ये हमें पता है।'
'हम किसानों और कर्मचारियों के लिये आवाज उठा रहे'
बकौल गढ़वी, '2017 से पहले भाजपा में शामिल हुए पाटीदार युवकों की आज क्या स्थिति है, हम जानते हैं। मुझे नहीं लगता कि अब एक भी पाटीदार युवक भाजपा के जाल में फंसेगा।' गढ़वी ने कहा कि, आम आदमी पार्टी गुजरात के युवाओं के भविष्य को सुधारने के लिये दिन-रात एक कर रही है। हमारी पार्टी गुजरात के युवाओं के लिये, बेरोजगार युवाओं के लिये लड़ रही है। हम किसानों और कर्मचारियों के लिये आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि, 'पाटीदार आंदोलन, किसान आंदोलन, मालधारी आंदोलन, आदिवासी आंदोलन, एलआरडी महिला-पुरुष आंदोलन, करणी सेना के आंदोलन के दौरान जो भी मामले दर्ज हुए हैं, उन्हें आम आदमी की सरकार बनते ही वापस ले लिया जायेगा।'












Click it and Unblock the Notifications