गुजरात: बाढ़ से फसलें बर्बाद, खेतों में भरे पानी में तैरे किसान, पुरस्कार में मिला लॉलीपॉप- VIDEO
द्वारका। गुजरात में हो रही लगातार बारिश अब कई स्थानों पर किसानों के लिए आफत बन गई है। यहां द्वारका के रावल गांव में बारिश से भरे पानी के कारण फसलें बर्बाद हो गईं। बाढ़ का पानी खेतों में इतना ज्यादा हो गया है कि, किसान अलग तरह से रोष जता रहे हैं। कई किसान इसके लिए सरकारी प्रबंधन को दोष दे रहे हैं। सरकार के प्रति गुस्सा जाहिर करने के लिए किसानों ने बाढ़ के पानी में डूबे खेतों में तैराकी प्रतियोगिता आयोजित कीं।
Recommended Video

द्वारका: किसानों को मिला लॉलीपॉप
तैराकी प्रतियोगिताओं में जीतने वाले किसानाों को 'लॉलीपॉप' का पुरस्कार थमाया गया। जिसके चलते यह मामला चर्चा में आ गया। अब इंटरनेट पर लोग 'लॉलीपॉप' का खूब जिक्र कर रहे हैं। कई यूजर्स ने कहा कि, किसानों के हाथों में अब लॉलीपॉप है, क्योंकि उनकी फसलें तबाह हो चुकी हैं और मेहनत पर पानी फिर गया है।

राज्य सरकार से मुआवजे की मांग की
कई किसानों ने संवाददाता को बताया कि, द्वारका जिले के दर्जनों गांव पिछले डेढ़ महीने से बाढ़ का सामना कर रहे हैं और फसलें चौपट हो चुकी हैं। तेज बारिश और नहरों में कटाव जैसी समस्याओं के चलते खेतों से पानी उतर नहीं रहा है। जिसके चलते राज्य सरकार से मुआवजे की मांग की गई है। लेकिन मुआवजे की घोषणा की बात तो दूर अधिकारी मुआयना करने भी नहीं आए।

इस तरह सरकार का ध्यान खींचा
ऐसे में मुआवजा समय पर मिलने की संभावना दूर तक दिखाई नहीं दे रही है। जिसके चलते ऐसा विरोध कर सरकार का ध्यान खींचने का प्रयास किया गया है। बता दें कि, कल ही गुजरात के मुख्यमंत्री रूपाणी की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक हुई है। जिसमें किसानों को हुए नुकसान को लेकर गंभीरता से चर्चा की गई।

सरकार ने लिए ऐसे फैसले
सरकार की ओर से आगामी 15 दिनों में अतिवृष्टि से हुए नुकसान का सर्वे शुरू करने का निर्णय लिया गया है। साथ ही 33 प्रतिशत से ज्यादा नुकसान उठाने वाले किसानों को मुआवजा देने की घोषणा भी की गई है। हालांकि इस बात से किसानों में कोई खास खुशी दिखाई नहीं दे रही है और किसान इसे चुनावी घोषणा बता रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications