Cyclone Biparjoy: गुजरात में लैंडफॉल के बाद तबाही! 940 गांवों में अंधेरा छाया, 22 लोग घायल
Cyclone Biparjoy का गुजरात में लैंडफॉल आधी रात को हुआ। मौसम विभाग के अनुसार लैंडफॉल की प्रोसेस पूरी रात जारी रही। इसके बाद गुजरात के 940 गांवों में अंधेरा छा गया। अलग-अलग शहरों में 22 लोगों के घायल होने की भी खबरें हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, गंभीर चक्रवाती तूफान बिपरजॉय आधी रात के बाद 2:30 बजे नलिया से 30 किमी उत्तर में सौराष्ट्र-कच्छ क्षेत्र पर केंद्रित था। 16 जून की सुबह तक चक्रवाती तूफान के कमजोर पड़ने के आसार हैं।

दक्षिण राजस्थान में जाने के बाद चक्रवात के डिप्रेशन में बदल जाने की उम्मीद है। अधिकारियों ने बताया, बिजली के खंभे और पेड़ बड़ी मात्रा में उखड़े हैं।23 जानवरों की मौत हुई है। तेज हवाओं के साथ 524 से अधिक पेड़ और बिजली के खंभे गिरे। 940 गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, जैसे ही तूफान के पहुंचने की प्रक्रिया शुरू हुई, गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ तटों पर 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं और भारी बारिश हुई।
अधिकारियों ने कहा कि कई राहत और बचाव दल अलर्ट पर हैं क्योंकि हजारों लोगों को गुजरात में सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। गुजरात के राहत आयुक्त आलोक सिंह ने बताया, "तूफान के कारण लगभग 22 लोग घायल हो गए हैं। अभी तक किसी के मरने की खबर नहीं है।
बता दें कि कई दिनों से अरब सागर के ऊपर बना चक्रवात बिपरजॉय गुजरात के तटीय इलाके में दस्तक दे चुका है। इस कारण ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। 99 ट्रेनें रद्द या शॉर्ट-टर्मिनेटेड रहेंगी।
"बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान" थोड़ा कमजोर होकर गंभीर कैटेगरी में बदल गया। हालांकि, तटीय क्षेत्र में चक्रवात के असर के कारण बेहद तेज हवाओं के कारण द्वारका में पेड़ उखड़े, होर्डिंग्स गिर गए।












Click it and Unblock the Notifications