गुजरात: 50 यात्रियों को ले जा रही बस खाई में गिरी, 2 की मौत, कई घायल
गांधीनगर, 9 जुलाई: गुजरात के डांग जिले में शनिवार को एक बड़ा हादसा हुआ, जहां एक बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। घटना के तुरंत बाद गुजरात पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। बस में 50 से ज्यादा यात्री सवार बताए जा रहे हैं, जिसमें से कई घायल हैं। फिलहाल उनको नजदीकी अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन के मुताबिक इस घटना में अभी तक 2 महिलाओं की मौत हुई है।

मामले में गुजरात के गृह राज्यमंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि डांग जिले के सापुतारा के पास 50 से अधिक यात्रियों को ले जा रही एक बस खाई में गिर गई। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। अभी उनका पूरा फोकस घायल यात्रियों को निकालने पर है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि घटना टायर फटने से हुई है। वहीं दूसरी ओर जिले के सभी अस्पतालों का अलर्ट कर दिया गया है। घायलों को लगातार एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।
मामले में DSP रविराज सिंह जड़ेजा ने कहा कि बस सूरत की थी और वो महाराष्ट्र के मालेगांव से लौट रही थी। तभी सापुतारा के पास उसका टायर फट गया, जिससे वो अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। इस घटना में कई लोग घायल हुए हैं, जिनको अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications