भारत के सबसे स्वच्छ शहरों में सूरत दूसरे नंबर पर, टॉप-10 में 4 शहर सिर्फ गुजरात से ही
सूरत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आज स्वच्छता सर्वेक्षण के पांचवें संस्करण 'स्वच्छ सर्वेक्षण 2020' के परिणामों की घोषणा की गई। जिसमें देश के सबसे स्वच्छ शहरों के नाम बताए गए। सबसे स्वच्छ शहरों में मध्यप्रदेश का इंदौर लगातार चौथी बार पहले नंबर पर रहा। वहीं, गुजरात का सूरत दूसरे नंबर पर रहा।
Recommended Video

सबसे स्वच्छ 10 शहरों में 4 गुजराती
यह बहुत ही चौंकाने वाली बात रही कि, भारत के 10 सबसे स्वच्छ शहरों में इस बार 4 सिर्फ गुजरात के ही हैं। हांजी, इंदौर, सूरत, नवी मुंबई, विजयवाड़ा के बाद 5वें नंबर पर गुजरात का सबसे बड़ा शहर अहमदाबाद है। जबकि, इसी राज्य का राजकोट 6वें और वडोदरा 10वें नंबर पर रहे हैं।इस तरह गुजरात के चारों महानगर टॉप-10 की सूची में जगह बनाने में कामयाब रहे हैं।

सूरत ने इस तरह सबको चौंका दिया
बता दें कि, पिछले साल सूरत 14वें नंबर पर, वडोदरा 69वें, राजकोट 9वें और अहमदाबाद 6वें नंबर पर थे। मगर, गुरुवार को जब देश के प्रधानमंत्री मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए स्वच्छता सर्वेक्षण के पांचवें संस्करण 'स्वच्छ सर्वेक्षण 2020' के परिणामों की घोषणा की तो कई शहरों के लोग भौचक्के रह गए। सूरत ने कई रैंक का उछाल मारते हुए दूसरा स्थान पा लिया। वहीं, वडोदरा ने भी 69वें से 10वां नंबर पाया है।

राजकोट पिछली बार 9वें नंबर पर था
विगत वर्ष राष्ट्रपति भवन में पेश किए स्वच्छता सर्वेक्षण-2019 के आंकड़ों में राजकोट ने देश में 9वां और गुजरात में दूसरा स्थान हासिल किया था। अब यह 2020 के सर्वे में 6वें नंबर पर आया है। राजकोट ने वर्ष 2018 में मिली 35वीं रैंक से छलांग लगाते हुए 4000.15 मार्क्स के साथ 2019 में सूरत और बड़ौदा को पीछे छोड़ दिया था। इतना ही नहीं, अब यह शहर सूबे में पहले स्थान पर आने के लिए भी तैयारी में जुट गया। हालांकि, सूबे में पहला नंबर इस बार सूरत के नाम रहा है।

ये हैं देश के 10 सबसे साफ शहर
टॉप-10 शहरों की सूची में इंदौर फर्स्ट रैंक पर है। जिसके 5647.56 पॉइंट हैं। दूसरे नंबर पर आए सूरत के 5519.59 पॉइंट हैं। तीसरे नंबर पर नवी मुंबई के 5467.89, चौथे नंबर पर विजयवाड़ा 5270.32, पांचवे नंबर पर अहमदाबाद 5207.13, छठे नंबर पर राजकोट 5157.36, सातवें पर भोपाल 5066.31, आठवें पर चंडीगढ़ 4970.07, नौवें पर विशाखापट्टनम 4918.44 एवं 10वें पर वडोदरा के 4870.34 पॉइंट हैं।












Click it and Unblock the Notifications