गुजरात चुनाव में बड़ा धमाका करने की तैयारी में AAP, आंतरिक सर्वे के आंकड़ों से पार्टी उत्साहित
अहमदाबाद, 04 अप्रैल: पंजाब में जीत से उत्साहित आम आदमी पार्टी अन्य राज्यों में विस्तार की कोशिश में है। आम आदमी पार्टी ने दावा किया है कि उनके आंतरिक सर्वेक्षण में पाया गया है कि वह इस साल दिसंबर में होने वाले गुजरात विधानसभा चुनावों में लगभग 58 सीटें जीत सकती है। आप के प्रदेश प्रभारी डॉ संदीप पाठक ने सोमवार को कहा कि यह सर्वे पार्टी की अपनी एजेंसी के माध्यम से वैज्ञानिक तरीके से किया गया।। सर्वे के अनुसार, पार्टी को कांग्रेस से असंतुष्ट ग्रामीण मतदाताओं और शहरी क्षेत्रों में निचले और मध्यम वर्ग के मतदाताओं से वोट मिलने की संभावना है।

कांग्रेस यहां भाजपा को नहीं हरा सकती: आप
पाठक ने कहा कि हमारे आंतरिक सर्वे के अनुसार, आज की स्थिति में हम 58 सीटें जीतेंगे। ग्रामीण गुजरात के लोग हमें वोट दे रहे हैं। शहरी क्षेत्रों में निम्न और मध्यम वर्ग बदलाव चाहता है और वे हमें वोट देंगे। डॉ. पाठक को पंजाब में हाल के चुनावों में 'आप' को मिली भारी जीत इसके लिए एक अहम कारण माना जा सकता है। पंजाब से राज्यसभा सदस्य पाठक ने कहा, ग्रामीण गुजरात के लोगों की राय है कि कांग्रेस यहां भाजपा को नहीं हरा सकती।

55 सीटें मिलने से बीजेपी चकित है-आप
आप नेता ने कहा कि, ग्रामीण गुजरात के कांग्रेसी मतदाता हमें वोट दे रहे हैं। यह आज के हालात हैं और उम्मीद है कि जैसे-जैसे चुनाव का समय नजदीक आता जाएगा, हमारी संख्या बढ़ेगी। उन्होंने दावा किया कि गुजरात में बीजेपी सरकार की खुफिया शाखा के सर्वेक्षण में भी आप को 55 सीटें दी जा रही हैं। इससे पहले आप की गुजरात इकाई के अध्यक्ष गोपाल इटालिया ने कहा कि उन्हें इस खुफिया सर्वेक्षण रिपोर्ट के बारे में सूत्रों से पता चला है, और बीजेपी उनकी पार्टी के संभावित प्रदर्शन से चकित है।

'लोग भाजपा से बदलाव चाहते हैं'
संयोग से, 'आप' नेता व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रविवार को गुजरात का दो दिवसीय दौरा पूरा किया था। इस दौरान वे एक रोड शो सहित कुछ कार्यक्रमों में शामिल हुए थे। सोमवार को 'आप' के राज्य प्रभारी बने पाठक ने कहा कि उनकी पार्टी यहां शीर्ष स्थान के लिए लड़ रही है क्योंकि लोग भाजपा से बदलाव चाहते हैं, जो पिछले 27 वर्षों से यहां सत्ता में है। लोग जानते हैं कि भाजपा को केवल 'आप' ही हरा सकती है, कांग्रेस नहीं। कांग्रेस वर्तमान में राज्य की 182 सदस्यीय विधानसभा में मुख्य विपक्षी दल है।












Click it and Unblock the Notifications