किसान ने 2500 घड़ों से बनवाया शिवलिंग जैसा बसेरा, 10 हजार पक्षी यहां हर मौसम में सुरक्षित रह सकते हैं
राजकोट। गर्मियों में इंसान ही नहीं अपितु पशु-पक्षियों पर भी आफत आई हुई है। इन दिनों एक तो तापमान ज्यादा रहता है, दूसरे दाने-पानी की भी किल्लत हो जाती है। पक्षियों के लिए दाने-पानी की कमी न रहे और वे सुरक्षित भी रहें, इसके लिए गुजरात में एक किसान ने शिवलिंग के आकार का बसेरा तैयार करवाया। यहां जो आप देख रहे हैं, वही पक्षियों का बसेरा है।

आपने देखा क्या ये पक्षियों का बंगला?
राजकोट में जेतपुर के 700 लोगों की आबादी वाले गांव नवी सांकणी के रूपापरा परिवार के मुखिया भगवानजीभाई ने 2500 मटकों (घड़ा) के जरिए शिवलिंग स्वरूप में पक्षियों के लिए यह बंगला बनवाया है। यह 40 फीट लंबा और 70 फीट चौड़ा है। इसकी उूंचाई भी काफी ज्यादा है, यह इतना बड़ा है कि यहां 10 हजार पक्षी हर मौसम में सुरक्षित रह सकेंगे।

गांव नवी सांकणी के किसान ने बनवाया
भगवानजीभाई ने बताया कि, पक्षियों का यह बंगला बनवाने में छोटे और बड़े आकार वाले मटकों का प्रयोग किया गया है। ये मटके वांकानेर में खास तौर पर आॅर्डर देकर बनवाए गए। इसके अलावा फ्रेम बनवाने में भी काफी लागत आई। इसे पानी की झील के पास ही तैयार करवाया गया। अब यहां रोजाना बड़ी संख्या में पक्षी आते हैं। जिनमें ज्यादातर कबूतर होते हैं।

गूंजती रहती है पक्षियों की किलकारी
भगवानजीभाई कहते हैं कि, गर्मियों में पक्षियों को पानी ज्यादा चाहिए, और सर्दियों में दाना। हमने इसे सिर्फ पक्षियों के लिए बनवाया हे। आस-पास पेड़-पौधे भी हैं, जिससे यहां पक्षियों की किलकारी गूंजती रहती हैं।

'यह पक्षियों का 5 स्टार होटल है'
एक बर्ड-लवर ने खुशी जताते हुए कहा कि, "जिस तरह से भगवानजीभाई ने पक्षियों का ख्याल रखा है वो काबिलेतारीफ है। इस बर्ड-हाउस को पक्षियों का 5 स्टार होटल कह दें तो गलत नहीं होगा। यदि हर गांव-शहर में ऐसी सुविधा हो जाए तो विलुप्त रहे कई पक्षियों को आसानी से बचाया जा सकता है।"












Click it and Unblock the Notifications