Gorakhpur News: डीडीयू यूनवर्सिटी में विकसित होगा वर्ल्ड क्लास मल्टीडिसिप्लिनरी रिसर्च सेंटर, यह होगा फायदा
Gorakhpur News: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से पीएम-उषा योजना के 13,000 करोड़ की परियोजनाओं के लान्च का विश्वविद्यालय एवं सभी महाविद्यालयों में सजीव प्रसारण किया गया। मुख्य कार्यक्रम गोरखपुर विश्वविद्यालय के दीक्षा भवन ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया।
विश्वस्तरीय मल्टीडिसिप्लिनरी रिसर्च सेंटर होगा स्थापित
इस अवसर पर कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा पीएम-उषा योजना का शुभारंभ किया जा रहा है। इसका उद्देश्य छात्रों को बेहतर शिक्षा देना है, जिसका सबसे अधिक लाभ छात्राें को मिलेगा। यह योजना बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर तथा उच्चस्तरीय रिसर्च फैसिलिटी के लिए है। इस योजना के तहत गोरखपुर विश्वविद्यालय को बहु-विषयक शिक्षा और अनुसंधान विश्वविद्यालय (एमईआरयू) घटक के लिए रुपये 100 करोड़ मिले हैं।

यह ऐतिहासिक पल है, हम सभी इसके साक्षी बने: कुलपति
यह ऐतिहासिक पल है, हम सभी इसके साक्षी बने। इसके द्वारा विश्वस्तरीय मल्टीडिसिप्लिनरी रिसर्च सेंटर विकसित किया जाएगा, जिसकी पूर्वांचल में आवश्यकता थी। इस योजना के द्वारा हमारे विश्वविद्यालय को विश्वस्तरीय बनाने का प्रयास है। जिससे पूर्वांचल के छात्रों को विश्वस्तरीय सुविधा मिले।
कुलपति प्रो पूनम टंडन ने कहा कि राज्य विश्वविद्यालयों में रैंकिंग और एक्रेडिटेशन का सिलसिला जो आरंभ हुआ है, वह माननीय कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल जी की सतत प्रेरणा का परिणाम है। वर्तमान में उत्तर प्रदेश के 6 विश्वविद्यालयों को नैक मूल्यांकन में ए प्लस प्लस श्रेणी तथा 6 विश्वविद्यालयों को पीएम उषा के तहत 100 करोड़ की ग्रांट प्राप्त हुई है। इसके लिए माननीय कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति धन्यवाद।
विश्वविद्यालय मेरे लिए मंदिर के समान: प्रो. यू पी सिंह
पूर्व कुलपति और महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद् के अध्यक्ष प्रो. यू पी सिंह ने कहा मैं अपने विश्वविद्यालय आया हूँ। मेरे लिए यह मंदिर के समान है। विश्वविद्यालय को नैक मूल्यांकन में ए प्लस प्लस ग्रेड मिला और उसी की वजह से 100 करोड़ का अनुदान मिला है। विश्वविद्यालय को हमारी ढ़ेरो शुभकामनाएं है।












Click it and Unblock the Notifications