Gorakhpur News: DDU University ने स्नातक एवं परास्नातक स्तर के सभी नियमित कोर्सेज में सीट वृद्धि को लेकर लिया
Gorakhpur News: दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की प्रवेश समिति ने आज वर्तमान सत्र के लिए स्नातक एवं परास्नातक स्तर के सभी नियमित कोर्सेज में 10 प्रतिशत सीट वृद्धि का निर्णय लिया। यह सीट वृद्धि स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों एवं उन सभी पाठ्यक्रमों में लागू नहीं होगी जो तकनीकी या अन्य किसी नियामक संस्था के निर्देशों से संचालित होते हैं।
कुलपति प्रो पूनम टंडन की अध्यक्षता में संपन्न प्रवेश समिति ने आज ऑनलाइन काउंसलिंग की प्रक्रिया के विभिन्न चरणों पर सम्यक विचारोपरांत अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी। समिति ने प्रवेश परीक्षाओं के शुचितापूर्ण और व्यवस्थित संचालन के लिए प्रवेश प्रकोष्ठ, नियंता मंडल तथा परीक्षा संचालन से जुड़े सभी व्यक्तियों की सराहना भी की।

*"प्रवेश समिति ने विद्यार्थियों के व्यापक हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। नए सत्र में प्रवेश, पठन पाठन और परीक्षा सभी में गुणवत्तापूर्ण सुधार के प्रयास किए जाएंगे।"
प्रो पूनम टंडन*, कुलपति
एक अन्य महत्वपूर्ण विषय पर विचार करते हुए प्रवेश समिति ने यह भी निर्णय लिया कि जिन विषयों में सीट से कम आवेदन आए हैं उनमें सीधे प्रवेश की प्रक्रिया संपन्न की जाएगी। चूंकि यहां कोई काउंसलिंग प्रक्रिया आयोजित नहीं होगी अतः इन कोर्सेज में अभ्यर्थियों से कोई काउंसलिंग शुल्क भी नहीं लिया जाएगा। समिति ने सैद्धांतिक रूप से इस बात पर भी अपनी स्वीकृति दी कि प्रवेश प्रक्रिया समाप्त होने के बाद जिन कोर्सेज में सीटें रिक्त रहती हैं उनमें बाद में प्रवेश हेतु आवेदन आमंत्रित किए जा सकेंगे।
प्रवेश समिति ने यह भी निर्णय लिया कि नाईलेट के समन्वय से प्रस्तावित एमएस तथा बीसीए (स्पेशलाइज्ड) जैसे नए कोर्सेज को कार्यपरिषद की मंजूरी मिलने के बाद उनकी प्रवेश प्रक्रिया भी शीघ्र आरंभ कर दी जाएगी। बैठक में कुलसचिव प्रो शांतनु रस्तोगी, प्रो कीर्ति पांडेय, प्रो श्रीवर्धन पाठक, प्रो अहमद नसीम, प्रो राजेश कुमार सिंह, प्रो रविशंकर सिंह, प्रो एस एन शर्मा, प्रो अनुभूति दुबे, प्रो मंजू मिश्रा सहित समिति और प्रवेश प्रकोष्ठ के सदस्य उपस्थित रहे।












Click it and Unblock the Notifications