UGC NET JRF Result: DDU University के छात्रों ने लहराया परचम, इतने विद्यार्थियों को मिली सफलता
UGC NET JRF Result DDU University Gorakhpur News: दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने जून-2025 में आयोजित यूजीसी-नेट, जेआरएफ़ तथा पीएचडी पात्रता परीक्षाओं में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। विभिन्न विभागों के लगभग 150 से अधिक छात्र-छात्राओं ने यूजीसी नेट/जेआरएफ़ में सफलता अर्जित की है, जिनमें दो दर्जन से अधिक विद्यार्थियों को जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) के लिए चयनित किया गया है।
राजनीतिशास्त्र विभाग की शोध छात्रा श्रेया द्विवेदी ने राष्ट्रीय स्तर पर 21वीं रैंक प्राप्त कर विश्वविद्यालय को गौरवान्वित किया है। यूजीसी द्वारा इस वर्ष से जेआरएफ़, असिस्टेंट प्रोफ़ेसर और पीएचडी पात्रता को तीन पृथक श्रेणियों में विभाजित कर परिणाम जारी किया गया है। इस प्रणाली में भी विश्वविद्यालय के छात्रों ने प्रत्येक श्रेणी में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रमुख विभाग:
हिन्दी, अंग्रेजी, इतिहास, पर्यावरण विज्ञान, भूगोल, वाणिज्य, शिक्षा शास्त्र, शारीरिक शिक्षा, संगीत एवं ललित कला, गृह विज्ञान, राजनीतिशास्त्र, बायोटेक्नोलॉजी, संस्कृत, गणित एवं सांख्यिकी, प्राचीन इतिहास, उर्दू, मनोविज्ञान, अर्थशास्त्र, प्राणिविज्ञान, रक्षा अध्ययन, समाजशास्त्र, विधि विभाग एवं दर्शनशास्त्र आदि से बड़ी संख्या में छात्रों का चयन हुआ है।
विश्वविद्यालय की पहलें और अकादमिक समर्थन:
इस शानदार उपलब्धि के पीछे विश्वविद्यालय द्वारा निरंतर चलाए गए कई शैक्षणिक एवं संरचनात्मक प्रयासों का बड़ा योगदान रहा है:
• नियमित नेट/जेआरएफ़ कार्यशालाओं और अभ्यास सत्रों का आयोजन।
• विषय विशेषज्ञों द्वारा मॉक टेस्ट, करियर परामर्श सत्र और संशय निवारण कक्षाएं।
• डिजिटल लाइब्रेरी, ई-लर्निंग संसाधनों और समृद्ध अनुसंधान सुविधाओं की उपलब्धता।
• विश्वविद्यालय में पिछले दो वर्षों में लागू की गई शोध-केन्द्रित शिक्षण नीति।
• फैकल्टी डेवेलपमेंट प्रोग्राम (FDP) के माध्यम से शिक्षकों को अत्याधुनिक शिक्षण तकनीकों से प्रशिक्षित
किया गया।
• विशेष प्रोत्साहन योजना जिसके अंतर्गत नेट/जेआरएफ़ उत्तीर्ण छात्रों को विश्वविद्यालय में शोध हेतु प्राथमिकता दी जाती है।

डीन, स्टूडेंट्स वेलफेयर की प्रतिक्रिया:डीएसडब्ल्यू प्रो. अनुभूति दूबे ने बताया,
"हमारे विद्यार्थियों का यह प्रदर्शन अत्यंत उत्साहवर्धक है। विभिन्न विभागों से प्राप्त हो रही जानकारी के अनुसार यह संख्या आगे और भी बढ़ सकती है। यह परिणाम विश्वविद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों और शैक्षणिक नीति के संयुक्त प्रयासों का प्रतिफल है।"
कुलपति का वक्तव्य:
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने इस सफलता पर सभी को बधाई देते हुए कहा:
"यूजीसी नेट परीक्षा में विश्वविद्यालय के छात्रों का यह असाधारण प्रदर्शन न केवल उनके परिश्रम और समर्पण को दर्शाता है, बल्कि विश्वविद्यालय के उच्च गुणवत्ता वाले शिक्षण वातावरण का प्रमाण है। हमारा लक्ष्य विद्यार्थियों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना है, और यह सफलता उसी दिशा में एक मजबूत कदम है।"
भूगोल विभाग के दो छात्रों ने जेआरएफ- सुष्मिता राय, धीरज रस्तोगी,और चार छात्रों ने अरुण कुमार प्रजाति, अंशुमान सिंह, अभिषेक यादव, अंकिता यादव नेट के लिए अर्हता प्राप्त की।
छात्रावासों में भी सफलता की गूंज:
अलकनंदा गर्ल्स हॉस्टल की छात्राओं ने भी इस वर्ष उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। वार्डन डॉ. मीतू सिंह के अनुसार हॉस्टल की तीन छात्राओं ने जेआरएफ़ और चार छात्राओं ने नेट परीक्षा में सफलता प्राप्त की है।
"यह प्रदर्शन छात्राओं की मेहनत, अनुशासन एवं प्रेरणा का प्रतिफल है। छात्रावास में अब और अधिक उत्साह का वातावरण है, और अन्य छात्राएं भी इससे प्रेरित हो रही हैं,"












Click it and Unblock the Notifications