Gorakhpur: सौम्या माथुर ने पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक का पदभार किया ग्रहण, इन कार्यों को देंगी प्राथमिकता
Gorakhpur News: सौम्या माथुर ने बुधवार को पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक का पदभार ग्रहण किया। इसके पूर्व, आप रेलवे बोर्ड, नई दिल्ली में अपर सदस्य (वित्त) के पद पर कार्यरत थीं। 1952 में पूर्वोत्तर रेलवे के गठन के पश्चात यह पहला अवसर है जब एक महिला को यह महाप्रबंधक पद की जिम्मेदारी दी गयी है।
महाप्रबन्धक का पदभार ग्रहण करने के बाद सौम्या माथुर ने अपनी प्राथमिकतायें निर्धारित करते हुये कहा कि संरक्षा, समय पालन, कुशल ट्रेन संचालन एवं कर्मचारी कल्याण में सुधार के साथ ही चल रही इन्फ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं तथा अमृत स्टेशनों के कार्यों में तेजी लाना, प्रमुख प्राथमिकतायें होंगी। उन्होंने ग्राहक संतुष्टि के उच्च स्तर को प्राप्त करने के लिये जन परिवादों को न्यून करने की आवश्यकता पर बल दिया।

सौम्या माथुर ने भारतीय रेल लेखा सेवा (आई.आर.ए.एस.) के 1987 बैच के माध्यम से रेल सेवा में प्रवेश किया। आपकी पहली नियुक्ति वडोदरा, पश्चिम रेलवे में हुई। तत्पश्चात आपने पश्चिम, उत्तर एवं मध्य रेलवे पर लेखा विभाग के अनेक महत्वपूर्ण पदों के उत्तरदायित्वों का निर्वहन बखूबी किया। माथुर ने अपर मण्डल रेल प्रबन्धक, पश्चिम रेलवे/मुम्बई सेन्ट्रल, मण्डल रेल प्रबन्धक, उत्तर पश्चिम रेलवे/जयपुर, प्रधान वित्त सलाहकार/मेट्रो रेलवे/कोलकाता तथा प्रधान वित्त सलाहकार/दक्षिण पूर्व रेलवे/कोलकाता जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कुशलतापूर्वक कार्य किया।
मण्डल रेल प्रबन्धक/जयपुर के रूप में, सौम्या माथुर ने जयपुर स्टेशन को पूरी तरह से बदल दिया, जिसके परिणामस्वरूप जयपुर स्टेशन प्लैटिनम ग्रीन रेटिंग प्राप्त करने वाला पहला स्टेशन बना तथा आपके कार्यकाल के दौरान स्वच्छता सर्वेक्षण में शीर्ष रेटिंग प्राप्त हुआ। आपने गांधीनगर जयपुर को पूर्ण रूप से महिला मुख्य लाइन स्टेशन के रूप में भी सफलतापूर्वक संचालित कराया। रेलवे बोर्ड द्वारा बदलाव की पहल के लिये आपको बेस्ट चेंज एजेंट फॉर ट्रांसफॉर्मेशन इनिशिएटिव का विशेष पुरस्कार प्रदान किया गया।
आपने जे.आई.सी.ए. (जापान), आई.एन.एस.ई.ए.डी. (सिंगापुर) एवं आई.सी.एल.आई.एफ. (मलेशिया) में उच्च प्रबन्धन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लिया है। माथुर को रेल प्रशासन एवं प्रबन्धन का गहन अनुभव प्राप्त है। आप अधिकारियों एवं कर्मचारियों में समान रूप से लोकप्रिय हैं। रचनात्मक लेखन में आपकी गहन रुचि है।












Click it and Unblock the Notifications