Indian Railway: जल्द शुरू होगा सहजनवां-दोहरीघाट रेल लाइन का काम, जिला प्रशासन को मिले 295 करोड़
Railway News Gorakhpur: सहजनवां-दोहरीघाट नई रेललाइन निर्माण का कार्य जल्द ही शुरु हो जाएगा। जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज होगी। रेल प्रशासन ने जिला प्रशासन को 295 करोड़ रुपये दिए हैं। यह धनराशि मुआवजे के तौर पर किसानों को दी जाएगी। पिछले सप्ताह ही इस रेल मार्ग के 11 किलोमीटर हिस्से के लिए नोटिफिकेशन जारी हुआ था। नई लाइन बिछने के बाद गोरखपुर से सहजनवां-दोहरीघाट के रास्ते भी ट्रेनें वाराणसी तक जाने लगेंगी।
सहजनवां-दोहरीघाट रेल लाइन दो जिलों गोरखपुर और मऊ में करीब 81 किलोमीटर लंबाई में बिछाई जाएगी। यह रेल लाइन 111 गांवों से होकर गुजरेगी। यह प्रोजेक्ट तीन चरणों में पूरा होना है। पहले चरण में 2024 तक सहजनवां से बैदौली तक 27 किलोमीटर लंबी रेल लाइन बिछाने का लक्ष्य रखा गया है। दूसरे फेज में मार्च 2025 तक बैदौली से गोला बाजार तक 29 किलोमीटर रेल लाइन बिछाई जाएगी। इसके बाद तीसरे फेज में शेष बचा कार्य होगा।

पहले फेज में सहजनवां से 11 किलोमीटर तक लाइन बिछाने के लिए सहजनवां तहसील के गांवों का नोटिफिकेशन जारी हुआ है। इसके साथ ही किसानों में मुआवजा वितरण के लिए भी 295 करोड़ रुपये जारी हो गए हैं। सहजनवां से दोहरीघाट के बीच बनने वाली रेल लाइन पर करीब 1320 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें सरयू नदी पर 1100 मीटर लंबे पुल समेत 10 बड़े पुल, 47 छोटे पुल एवं 15 अंडरपास बनाए जाएंगे। इसके अलावा दो रेलवे ओवरब्रिज भी बनेंगे।












Click it and Unblock the Notifications