गोरखपुर के मुस्लिम पार्षद ने खुद किया मंदिर में डिसइंफेक्टेंट का छिड़काव
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश में धर्मस्थलों को आठ जून से खोल दिया गया है। ऐसे में गोरखपुर में सपा नेता और मुफ्तीपुर वार्ड के पार्षद जियाउल इस्लाम धार्मिक एकता का संदेश लेकर मंदिर को सेनेटाइज करने के लिए डिसइंफेक्टेंट लेकर निकल पड़े। केमिकल छिड़काव की मशीन हाथ में लेकर मंदिर में जगह-जगह स्प्रे करते वे नजर आए।

रविवार को मंदिर-मस्जिद को किया सेनेटाइज
सोमवार से सभी धार्मिक स्थलों को खोलने के फैसले को देखते हुए पार्षद जियाउल इस्लाम रविवार को अपने क्षेत्र के मंदिर और मस्जिद को सेनेटाइज करने के लिए सोडियम हाइपोक्लोराइट का छिड़काव करने निकले। मंदिर की फर्श और दीवारों पर डिसइंफेक्टेंट का स्प्रे किया। उन्होंने वार्ड के मंदिरों और मस्जिदों की दीवारों को सेनेटाइज करने के लिए नगर निगम के कर्मचारियों को निर्देश दिए। खुद भी वो इस काम में लगे रहे।

मंदिर की मूर्तियों पर छिड़काव न करने के निर्देश
नगर निगम के कर्मचारियों के साथ मंदिर को सेनेटाइज करते समय मुस्लिम पार्षद उनको सावधानियां बरतने की बात कहते रहे। धार्मिक स्थल के नियमों के मुताबिक, उनको चप्पल निकालने से लेकर भगवान की मूर्तियों पर डिसइंफेक्टेंट का छिड़काव न करने का वो निर्देश देते देखे गए। उन्होंने इस बारे में कहा कि सोमवार से मंदिर-मस्जिद खुल जाएंगे और श्रद्धालु यहां आने शुरू होंगे इसलिए सेनेटाइज करा रहा हूं, खुद भी कर रहा हूं।

पार्षद को मिली थी जुगाड़ के लिए सराहना
लॉकडाउन के बाद पार्षद जियाउल हसन के वार्ड के लोगों ने डिसइंफेक्टेंट का छिड़काव कराने की मांग की थी लेकिन नगर निगम के पास इसके लिए संसाधनों की कमी थी। इसको देखते हुए पार्षद ने जुगाड़ किया। उन्होंने टूल्लू पंप और कूलर को ठेले पर लेकर वार्ड में केमिकल का स्प्रे कराया। उनके इस जुगाड़ के लिए लोगों और अधिकारियों से उनको प्रशंसा मिली।












Click it and Unblock the Notifications