गैलेंट ग्रुप पर Income Tax Raid से पांच दिनों में पांच हजार टन की बिक्री प्रभावित, ये अहम दस्तावेज लगे हाथ
गोरखपुर स्थित गैलेंट ग्रुप पर पड़ी इनकम टैक्स की रेड में पांच दिनों में पांच हजार टन सरिया का उत्पादन प्रभावित किया है।

Gorakhpur News: गैलेंट ग्रुप के गोरखपुर स्थित कार्यालय, फैक्ट्री व आवास पर पांच दिनों तक चली इनकम टैक्स की रेड तो समाप्त हो गयी है लेकिन इस रेड से पांच दिनों में पांच हजार टन सरिया की बिक्री प्रभावित हुई है। दो हजार से अधिक मजदूरों का रोजगार प्रभावित हुआ और लगभग 32 करोड़ रुपये का कारोबार। इसके साथ ही आईटी टीम को पांच सौ करोड़ रुपये टैक्स चोरी के साक्ष्य भी मिले हैं। कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों के साथ टीम लौटी है। यह गोरखपुर में इनकम टैक्स की सबसे बड़ी रेड मानी जा रही है।
इस सर्च ऑपेशन में टीम एकत्र दस्तावेज व जरूरी रिकार्ड की साफ्ट कापी हार्ड डिस्क में अपलोड कर अपने साथ ले गई है। यह छापेमारी 19 ठिकानों पर चली। जिसमें में उप्र, उत्तराखंड, दिल्ली, गुजरात व पश्चिम बंगाल स्थित गैलेंट ग्रुप के कार्यालय शामिल हैं। टीम ने न सिर्फ सरिया और अन्य सामानों के उत्पादन, बिक्री की जरूरी फाइलों का गहनता से जांच की बल्कि स्क्रैप के खरीद-फरोख्त की जानकारी ली। समूह के कर्मियों के मोबाइल की जांच कर कुछ कर्मियों का डाटा भी अफसर अपने साथ लेकर गए।
रेड के दौरान गेट व सर्वर बंद होने से बिलिंग और तौल बंद हो गई थी। मांग और आपूर्ति दोनों पूरी तरह बंद था । जिसके कारण सरिया प्लांट में पांच दिनों में करीब पांच हजार टन की बिक्री प्रभावित रही। जिससे कंपनी को लगभग 32 करोड़ रुपये का नुकासान हुआ। इस दौरान लगभग दो हजार मजदूरों को रोजगार नहीं मिला। इस बड़े छापेमारी का आयकर विभाग ने अयोध्या से जनकपुरी कोडवर्ड दिया था। इसके लिए तैयारी पहले की कर ली गयी थी।












Click it and Unblock the Notifications