घर में लगे लोहे के चैनल ने ली पति-पत्नी और बेटे की जान! बेटी हुई बेहोश
गोरखपुर। यूपी में गोरखपुर के गुलरिया थानाक्षेत्र के एक टोला में दर्दनाक घटना हो गई जिसमें एक परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। बिजली के झटके ने एक-एक कर तीन की जान ले ली। इस घटना में पति, पत्नी और बेटे की जिंदगी छिन गई जबकि बचाने के लिए गई बेटी करंट की चपेट में आने पर बेहोश हो गई। बेटी का इलाज अस्पताल चल रहा है। होश में आने पर उसने उस खौफनाक घटना को बयां किया जिसमें उसने अपने मां-पिता और भाई को खो दिया।

घटना गुलरिया थानाक्षेत्र के ग्राम पंचायत जैनपुर के सियारामपुर टोला की है जहां निवासी शंभू के मकान में लोहे का चैनल गेट लगा हुआ है। खाना खाने के बाद परिवार के सभी लोग सोने की तैयारी कर रहे थे। शंभू सोने से पहले चैनल गेट को बंद कर रहे थे। इसी दौरान उसी रास्ते से गुजरी हुई बिजली की केबल जो कटी हुई थी, चैनल गेट में छू गई और उसमें करंट उतर गया।

करंट की चपेट में आकर शंभू तड़पने लगे। पति को तड़पता देख पत्नी कुसुम उन्हें बचाने के लिए दौड़ी और वह भी चपेट में आ गई। मां और बाप को करंट की चपेट में आता देख 15 वर्षीय बेटा शक्ति भी दौड़ा और वह भी चपेट में आ गया। तीनों को तड़पता देख बेटी गुड़िया भी दौड़ पड़ी। वह भी करंट के झटके खाकर बेहोश हो गई। शंभू, पत्नी कुसुम देवी व पुत्र शक्ति की रास्ते में ही मौत हो गई जबकि बेटी गुड़िया का मेडिकल कालेज में इलाज चल रहा है।












Click it and Unblock the Notifications