Gorakhpur: माँ के शव को 5 दिन से अगरबत्ती दिखा रहा था शराबी बेटा, बदबू आने पर खुल गई पोल
एक सेवानिवृत्त शिक्षिका के शव को पांच दिन से जवान शराबी बेटा अगरबत्ती दिखा रहा था। बदबू आने पर बेड के नीचे से 80 वर्षीय रिटायर्ड शिक्षिका के शव को बरामद किया गया।

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक सेवानिवृत्त शिक्षिका के शव को पांच दिन से जवान शराबी बेटा अगरबत्ती दिखा रहा था ताकि पड़ोसियों को उसकी लाश की बदबू न आ जाए। मगर जब मंगलवार की सुबह मोहल्ले वालों से दुर्गंध बर्दाश्त नहीं हुई, तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बेड के नीचे से 80 वर्षीय रिटायर्ड शिक्षिका के शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मोहल्ले वालों की मानें तो जवान बेटा नशे का आदी था। मृतका की बहू पति की मानसिक हालत ठीक न होने और नशे की आदत से परेशान होकर 15 दिन पहले मायके चली गई थी। पुलिस मृत शिक्षिका के बेटे से पूछताछ कर रही है।

बेड के नीचे छिपाया था माँ का शव
दरअसल, गोरखपुर के गुलरिहा थाना क्षेत्र के शिवपुर शाहबाजगंज की रहने वाली शांति देवी शहर के प्रतिष्ठित अयोध्या दास राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में शिक्षिका रही हैं। उनके पति राम दुलारे मिश्रा कुशीनगर के बोदरवार इंटर कॉलेज में शिक्षक रहे हैं। उनकी 10 साल पहले मौत हो चुकी है। पति पत्नी ने सन 1988 में शिवपुर शाहबाजगंज में मकान बनवाया था। बताया जा रहा है कि इस मकान में कुछ समय पहले तक किराएदार भी रहा करते थे। लेकिन निखिल की हरकतों से परेशान होकर किराएदार भी घर खाली कर के जा चुके हैं।
बता दें कि निखिल माता-पिता की इकलौती संतान है। काफी मन्नतों के बाद और शादी के 14 साल बाद निखिल का जन्म हुआ था। जानकारी अनुसार मंगलवार की सुबह मोहल्ले में भीषण बदबू आने के बाद लोगों ने गुलरिया थाने की पुलिस को सूचना दी। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि चार-पांच दिन से शांति देवी घर के बाहर दिखाई भी नहीं दे रही थी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की तो पता चला कि बेड के नीचे शांति देवी का शव उसी के बेटे ने छिपा रखा था। पुलिस ने फ़ौरन शव को कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया और शिक्षिका के बेटे को हिरासत में ले लिया है।

अंतिम संस्कार के लिए नहीं थे पैसे?
गोरखपुर के एसपी नॉर्थ मनोज कुमार अवस्थी ने बताया कि गुलरिहा थाना क्षेत्र के शिवपुर सहबाजगंज मोहल्ले में एक घर से तेज दुर्गंध आने की सूचना मोहल्ले वालों ने दी। वहां पहुंचने पर बेड के नीचे एक 80 वर्षीय महिला का शव पड़ा मिला। उनका बेटा निखिल मिश्रा उर्फ डब्बू जो 45 वर्ष का है वह घर में मौजूद था। बेटे ने बताया कि मां के अंतिम संस्कार के लिए पैसे नहीं थे इसी वजह से उसने मां की मौत की किसी को सूचना नहीं दी। मृतक का बेटा नशे का आदी है। उसकी पत्नी 15 दिन पहले ही बेटे को लेकर मायके जा चुकी है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद ही यह पता चल पाएगा कि उनकी स्वाभाविक मौत हुई है या फिर उनकी मौत की वजह क्या है।
गोरखपुर की हुई इस घटना ने कानपुर में इनकम टैक्स अधिकारी विमलेश की मौत के बाद उनके शव को डेढ़ साल तक घर में रखे जाने की घटना को ताजा कर दिया है। इस घटना को सुनने के बाद से मोहल्ले वाले जहां हैरत में हैं, तो वही गोरखपुर शहर और आसपास के इलाके में भी चर्चाओं का बाजार गर्म है।












Click it and Unblock the Notifications