गोरखपुर: श्मशान घाट के बाहर बैनर टांग कर फोटो खींचने को बताया दंडनीय अपराध, विवाद बढ़ा तो किया ये काम
गोरखपुर: श्मशान घाट के बाहर बैनर टांग कर फोटो खींचने को बताया दंडनीय अपराध, विवाद बढ़ा तो किया ये काम
गोरखपुर, मई 02: खबर उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से है। यहां श्मशान घाटों के बाहर नगर निगम बड़े-बड़े बैनर लगा रहा है। इन बैनरों पर लिखा है कि 'यहां तस्वीरें और वीडियो लेना दंडनीय अपराध हैं।' ऐसे एक या दो नहीं, गोरखपुर नगर निगम ने कई बैनर लगाए है। हालांकि, जब इन बैनरों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई और सरकार की आलोचना शुरू हुई, तो रातों रात इन बैनरों को हटा दिया गया। इस बैनर को कोरोना संक्रमण के कारण हुई मौतों के आकड़े छिपाने की प्रशासन की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

Recommended Video
पिछले दिनों यूपी के श्मशान घाटों से अक्सर ऐसी तस्वीरें और वीडियो आते रहे हैं, जिसमें बड़ी संख्या में चिताएं जलती दिखाई देती हैं। लोग प्रशासन पर कोरोना को काबू करने में नाकाम रहने और मौतों को रोकने से ज्यादा आंकड़े छिपाने के आरोप लगा रहे हैं। तो वहीं, अब श्मशान घाटों के बाहर प्रशासन ऐसे बड़े-बड़े बैनर लगा रहा है, जिसमें चेतावनी लिखी है। खबरों के मुताबिक, बैनर लगाने का ताजा मामला गोरखपुर जिले का है। यहां श्मशान घाटों के बाहर गोरखपुर नगर निगम की तरफ से बैनर टांग दिए गए, जिन्में लिखा था यहां तस्वीरें लेना अपराध है।
क्या लिखा था बैनर पर
श्मशान घाटों के बाहर लगाए गए बैनरों पर लिखा था, 'शवदाह गृह पर पार्थिव शरीर का दाह संस्कार हिंदू रीति रिवाज के अनुसार किया जा रहा है। कृपया फोटोग्राफी/ वीडियोग्राफी ना करें। ऐसा करना दंडनीय अपराध है।' गोरखपुर नगर निगम ने श्मशान घाटों के बाहर बैनर लगाकर यह जताने की कोशिश कर रहा है कि यदि आपने यहां पर तस्वीरें लीं तो पकड़े जाने पर आपके ऊपर कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है। जब इन बैनरों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं और सरकार और प्रशासन की चौतरफा आलोचना शुरू हुई तो रातों रात इन बैनरों को हटा दिया गया।
यूपी में बेकाबू कोरोना
उत्तर प्रदेश में कोरोना बेकाबू होता जा रहा है। शनिवार को बीते 24 घंटों में 30,317 नए संक्रमित मिले जबकि 303 लोगों की मौत हो गई। सबसे ज्यादा 3,125 नए संक्रमित राजधानी लखनऊ में मिले। गोरखपुर में 1,070 नए मरीज मिले। यहां सात लोगों की जान चली गई। प्रदेश में एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 3,01,833 हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications