गोरखपुर में आठ साल के मासूम की गला रेतकर हत्या, दो दिन पहले हुआ था लापता
गोरखपुर, मई 07: खबर उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से है। यहां दो दिन पहले लापता हुए आठ साल के मासूम बच्चे का शव झाड़ी में पड़ा मिला। मासूम की गला रेतकर हत्या की गई है। सूचना पर पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डाग स्क्वाड मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल में जुट गई। वहीं, एकलौते बेटे की मौत से विश्वकर्मा परिवार में मातम छा गया है। इस मामले में गोरखपुर पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज किया था। तो वहीं अब शव मिलने के बाद पुलिस ने हत्या की धारा बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।

यह मामला गोरखपुर जिले के बांसगांव इलाके के विशुनपुर का है। ब्रह्मानंद विश्वकर्मा बढ़ई का काम करता है। चार मई की शाम उसका आठ साल का बच्चा आलोक लापता हो गया। घरवालों ने पहले तो गांव व आसपास में उसकी तलाश की, फिर रिश्तेदारों के घर संपर्क किया। उसका कहीं पता नहीं चलने पर चाचा शिव कुमार ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मामले में चाचा की तहरीर पर अज्ञात पर अपहरण का केस दर्ज कर जांच कर रही थी।
इस बीच गुरुवार को गांव के पास झाड़ी में आलोक का शव मिला। मासूम के गले को रेतकर हत्या की गई है। सूचना पर बांसगांव पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। शव मिलने की सूचना पर घरवाले भी पहुंच गए। इंस्पेक्टर राणा देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। पुलिस बदमाशों के करीब पहुंच चुकी है, जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर लिया जाएगा। इस मामले में अपहरण का केस दर्ज है, हत्या की धारा बढ़ाई जाएगी।
रंजिश या कुछ और, जांच में जुटी पुलिस
आलोक के पिता से पूछताछ कर पुलिस रंजिश के बारे में जानकारी जुटा रही है। जिस तरह से मासूम की हत्या की गई है, उससे रंजिश की आशंका है, लेकिन पुलिस अन्य बिंदुओं पर भी काम कर रही है। हालांकि, पुलिस का दावा है कि वह मामले के खुलासे के करीब है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश हो जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications