Indain Railway: नकहा स्टेशन से अब यात्रियों को मिलेगी यह खास सुविधा
रेलवे ने नकहा स्टेशन से कई ट्रेनों के चलाने का निर्णय लिया है। इसके बाद से यात्रियों की सुविधा बढ़ जाएगी।

Railway Update Gorakhpur: रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए खास पहल की है। अब गोरखपुर आने वाले यात्री को नकहा स्टेशन पर खास सुविधा मिलेगी। नकहा जंगल स्टेशन पर 10 दिन प्री-नॉन इंटरलॉकिंग एवं 02 दिन नॉन इंटरलॉकिंग का कार्य 11 मई को समाप्ति के साथ स्टेशन के यार्ड रिमॉडलिंग का कार्य पूर्ण हुआ है।
इसके फलस्वरूप नकहा जंगल स्टेशन से इलेक्ट्रिक इंजन से चलने वाली एक्सप्रेस एवं पैसेंजर (सवारी गाड़ी) के साथ लोकल रूटों पर चलने वाली मेमू ट्रेनें भी चल सकेंगी। इन ट्रेनों के लिये दो अतिरिक्त प्लेटफार्मों का निर्माण किया गया है। फलस्वरूप यहाँ अब गाड़ी संचलन हेतु तीन प्लेटफार्म उपलब्ध हो गये हैं। प्लेटफार्म संख्या 1 की लम्बाई 150 मीटर बढ़ाकर लगभग 600 मीटर कर दी गई है। अब इस प्लेटफार्म पर एक्सप्रेस ट्रेन की पूरी रेक खड़ी हो जायेगी। उच्चीकृत एवं विस्तारीकृत प्लेटफॉर्मों पर यात्रियों को बेहतर सुविधायें मिलेंगी। यात्री सुविधाओं को और समृद्ध बनाने के लिये पैदल उपरिगामी पुल (एफ.ओ.बी.) का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
यार्ड रिमॉडलिंग के साथ स्टेशन की इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग भी पूर्ण हो गई है, जिससे पैनल के बटन के स्थान पर कम्प्यूटर के एक क्लिक से ही ट्रेनों को संचालित किया जायेगा। फलस्वरूप ट्रेनों का संचालन सुगम होने के साथ समय पालन भी दुरुस्त होगा। इसके अतिरिक्त स्टेशन यार्ड में 720 मीटर लम्बाई वाली तीन स्टेबलिंग लाइनें (अतिरिक्त रेल लाइन) भी बनाई गई हैं, जिससे इन लाइनों पर तीन अतिरिक्त ट्रेनों की रेक खड़ी हो सकेंगी। अब पैसेंजर ट्रेनों के लिये तीन के स्थान पर पाँच रेल लाइनें तैयार हो गई हैं। साथ ही गोरखपुर-नकहा जंगल के मध्य दोहरीकरण के लिये नकहा जंगल में आवश्यक प्रावधान किया गया है। इस रिमॉडलिंग के दौरान हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड (एच.यू.आर.एल.) को और अधिक परिचालनिक सुविधायें प्रदान की गई हैं, जिससे फर्टिलाइजर की लोडिंग एवं परिवहन बेहतर हो सकेगा। आगामी दिनों में नकहा जंगल स्टेशन से ही स्थानीय रूटों पर चलने वाली लोकल ट्रेनों का संचालन किया जायेगा।












Click it and Unblock the Notifications