गोरखपुर: पिता को बचाने आई 10वीं की छात्रा को बदमाशों ने मारी गोली, 5 दिन बाद मौत
गोरखपुर, 26 अगस्त: यूपी के गोरखपुर में पिता को पीट रहे बदमाशों का वीडियो बनाने वाली लड़की को गोली मार दी गई थी। गंभीर हालत में युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पिछले 5 दिनों से लखनऊ के केजीएमसी में उसका इलाज चल रहा था, जहां गुरुवार की सुबह उसकी मौत हो गई है। युवती का शव को गोरखपुर ले जाया गया, जहां कई थानों की पुलिस तैनात रही। शांति पूर्ण तरीके से काजल का अंतिम संस्कार बड़हलगंज मुक्तिपथ पर संपन्न हुआ। गोरखपुर पुलिस ने अपराधी विजय और उसके साथी पर 25- 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

क्या है पूरा मामला ?
गोरखपुर के गगहा थाना क्षेत्र के जगदीशपुर भलुवान गांव में रुपयों के लेन-देन के चक्कर में राजीव नयन सिंह को उन्हीं के गांव के निवासी और शातिर बदमाश विजय प्रजापति ने अपने साथियों के साथ पीट दिया। राजीव नयन की बेटी काजल ने पिता की पिटाई का वीडियो अपने मोबाइल से बना लिया। इसपर बदमाश विजय ने काजल को गोली मार दी और मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गया।
पेट में फंसी रह गई गोली, पांच दिन बाद काजल की मौत
काजल के पेट में गोली लगी थी, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया। पिछले 5 दिनों से केजीएमसी लखनऊ में काजल का इलाज चल रहा था। बताया जा रहा है कि काजल के पेट में फंसी गोली को निकालने के लिए डॉक्टरों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी, लेकिन ऑपरेशन असफल हो रहा और काजल की मौत हो गई। काजल की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। काजल के शव को जगदीशपुर भलुवान लाया गया, यहां उसकी अंतिम संस्कार किया गया। काजल की मौत के बाद मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ाई गई हैं। पुलिस ने अपराधी विजय और उसके साथी पर 25- 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु कई शहरों में दबिश दी जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications