Eid 2023: गोरखपुर में अकीदत के साथ अदा की गयी ईद की नमाज
गोरखपुर में ईद का पर्व शांतिपूर्वक मनाया जा रहा है। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गये हैं। ईद की नमाज सुबह अदा की गयी है।

Gorakhpur News: पूरे देश में ईद मनायी जा रही है। इसी क्रम में गोरखपुर में भी शांति व सौहार्द के साथ यह भाईचारे का पर्व मनाया जा रहा है। मस्जिदों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ी है। ईद की नमाज अदा कर लोगों ने एक दूसरे के गले लगाकर बधाई दी है। गोरखपुर जोन के सभी जिलों महराजगंंज, देवरिया, कुशीनगर व गोरखपुर में ईद पर्व का खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
रमजान का पवित्र माह पूरा हो चुका है। आज ईद- उल- फीतर मनाया जा रहा है। गोरखपुर में कड़ी सुरक्षा के बीच यह पर्व मनाया जा रहा है। शहर के कोतवाली, राजघाट, शाहमाहरुफ और तिवारीपुर इलाके में मस्जिदों के ईद की नमाज सुबह अदा की गयी। गोरखपुर के बेतियाहाता स्थित हजरत मुबारक खां शहीद दरगाह के सदर इकरार अहमद और मुफ़्ती मनव्वर रजा ने बताया कि मुस्लिम धर्म में रमजान का महीना बहुत पवित्र होता है। एक माह तक रोजा रखने के बाद अंतिम शुक्रवार को अलविदा की नमाज पढ़ी गयी थी। आज ईद-उल-फितर के दिन सेवई और खूब पकवान भी बनते हैं। मुस्लिमों के साथ हिन्दू भाई भी उन लोगों के साथ ईद की खुशियों में शामिल होकर गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल पेश करते हैं।
ईद के मौके पर गोरखपुर पुलिस व प्रशासन काफी अलर्ट है। एडीजी अखिल कुमार ने बाले मियां सहित शहर के कई ईदगाहों का निरीक्षण किया। इस दौरान एडीजी ने बच्चों को दुलार भी किया। उन्होंने कहा कि सभी मस्जिदों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। धार्मिक स्थलों की भी सुरक्षा भी बढ़ाई गई है।
शहर के प्रमुख मस्जिदों चिश्तिया मस्जिद बक्शीपुर, बेलाल मस्जिद इमामबाड़ा अलहदादपुर, मस्जिद मियां साहब सैनिक विहार, मस्जिद जोहरा मौलवी चक बड़गो, मोती जामा मस्जिद अमरुतानीबाग रसूलपुर, खपड़े वाली मस्जिद अहमदनगर चक्शा हुसैन, दारोगा मस्जिद, अफगानहाता, हुसैनी जामा मस्जिद नथमलपुर रसूलपुर सहित कई अन्य मस्जिदों पर ईद की नमाज अदा की गयी।
महराजगंज, देवरिया व कुशीगनर के मस्जिदों में भी ईद की नमाज अदा की गयी। शांतिपूर्ण ढंग से पर्व मनाया जा रहा है। महराजगंज के घुघली क्षेत्र के ग्राम मटकोपा में ईद का पर्व मुस्लिम समुदाय के लोगों ने हिन्दू भाईयों को सेवई खिलाकर एंव उन्हें गले लगाकर मनाया। गांव के रियासत अली, इस्तेखार खां, नसीम, निजामुद्दीन,जलालुद्दीन, मुस्ताक, पिंटू, शरीफ, साहिल, रईस, मुमताज, रिजवान सहित भारी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की एंव एक दूसरे से गले मिले।












Click it and Unblock the Notifications