Mahrajganj में उद्योग को बढ़ावा देने के लिए डीएम ने की खास पहल,बढ़ेगा निवेश
जिलाधिकारी महराजगंज सत्येन्द्र कुमार जनपद में उद्योग व व्यापार को लगातार बढ़ावा देने का काम कर रहे हैं। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को बैठक की गयी।

Mahrajganj News: महराजगंज में उद्योग व निवेशकों की संख्या बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार की अध्यक्षता में उद्योग बंधु व व्यापार बंधु की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार बुधवार को संपन्न हुई। जिसमें मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, एक जनपद एक उत्पाद, निवेश मित्र, सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उद्योग व एलडीएम महराजगंज को सभी स्वीकृत आवेदनों में 03 सप्ताह के भीतर ऋण वितरण करवाने और प्रेषित आवेदनों को ज्यादा से ज्यादा स्वीकृत कराने का निर्देश दिया। साथ ही जनवरी में महराजगंज निवेशक सम्मेलन आयोजित करने को कहा। उन्होंने कहा कि उद्यमियों को हर संभव मदद की जाएगी। सभी अपंजीकृत व्यापारी कैश मेमो और पंजीकृत व्यापारी टैक्स इनवॉइस या बिल ऑफ सप्लाई जारी करें ताकि राज्यकर विभाग के सर्वे के समय उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो और कर प्रणाली को पारदर्शी बनाया जा सके।
उपायुक्त उद्योग ने बताया कि मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में 80 आवेदन के लक्ष्य के सापेक्ष 169 आवेदन प्रेषित किये गए हैं। प्रेषित आवेदनों में 80 को स्वीकृत करते हुए विभिन्न बैंकों द्वारा 55 आवेदनों में धनराशि वितरित कर दिया गया है। इसी प्रकार प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम में 76 आवेदन के लक्ष्य 225 आवेदन प्रेषित किये गए। प्रेषित आवेदनों में 92 को स्वीकृत करते हुए विभिन्न बैंकों द्वारा 41 आवेदनों में धनराशि वितरित कर दिया गया है। एक जनपद एक उत्पाद योजना में 26 आवेदन के लक्ष्य 50 आवेदन प्रेषित किये गए। प्रेषित आवेदनों में 19 को स्वीकृत करते हुए विभिन्न बैंकों द्वारा 15 आवेदनों में धनराशि वितरित किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications