UP: अब 'वकील मैडम' की भूमिका में नजर आएंगी 'माता सीता', उत्तर प्रदेश को लेकर कही यह बात
Gorakhpur News: रामायण में माता सीता का अमर किरदार निभाने वाली दीपिका चिखलिया इन दिनों गोरखपुर दौरे पर हैं। वह वेब सीरीज वकील मैडम की शूटिंग के लिए गोरखपुर आई हैं। मीडिया से वार्ता के दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश में बढ़ रहे फिल्म उद्योग व पर्यटन की प्रशंसा की। उन्होंने सीएम योगी के कार्यों की भी सराहना की।
लोगों का स्नेह मेरी ताकत
दीपिका चिखिलिया ने कहा कि रामायण ने मुझे अमर कर दिया। लोग मुझे सीता माता के रुप में ही मानते हैं। मेरी पूजा करते हैं। मंदिरों में मूर्ति लगाई गई है। आमजन का यह स्नेह मेरे लिए सौभाग्य की बात है। लोगों की यह भावना मुझे भाव विभोर कर देती है। यही मेरी ताकत है।

उत्तर प्रदेश में फिल्म उद्योग को मिल रहा बढ़ावा
दीपिका ने कहा कि मैं गोरखपुर में वेब सीरीज की शूटिंग कर रही हूं। यहां का वातावरण पूरी तरह शूटिंग के अनुकूल है। मैनें देखा वर्तमान समय में उत्तर प्रदेश में फिल्म उद्योग को लगातार बढ़ावा मिल रहा है। यहां कई बड़ी फिल्मों की शूटिंग भी हो रही है। इसके साथ ही पर्यटन में भी बहुत बदलाव देखने को मिला है।
योगी जी कर रहे अच्छा काम
दीपिका ने कहा कि वर्तमान समय में जो उत्तर प्रदेश में विकास कार्यों की गति है उसे देखकर लगता है सीएम योगी अच्छा काम कर रहे हैं। यहां पहले से बहुत अच्छा फिल्म शूटिंग का वातावरण बना है।
वकील मैडम में आएंगी नजर
दीपिका चिखलिया गोरखपुर में वेब सीरिज 'वकील मैडम' की शूटिंग के लिए आईं हैं। इस वेब सीरीज में वह नए किरदार में नजर आएंगी। उन्होंने कहा कि रामायण में सीता का रोल किया, तो लोगों ने खूब प्यार दिया। अब सीरियल धरती पुत्र नंदिनी में सुमित्रा के रूप में हूं। मैं चाहती हूं कि मुझे लोग इस रूप में भी प्यार दें।












Click it and Unblock the Notifications