Gorakhpur News: आल इंडिया कुश्ती प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के तीन खिलाड़ी चयनित
Gorakhpur News: दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय, गोरखपुर के तीन पहलवानों ने दिसंबर महीने में चंडीगढ़ में आयोजित हो रहे आल इंडिया कुश्ती प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया है।
इन खिलाड़ियों का चयन महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक में आयोजित दो दिवसीय नार्थ ईस्ट जोन इंटरयूनिवर्सिटी रेसलिंग कम्पटीशन में किए गए प्रदर्शन के आधार पर हुआ है। रोहतक में आयोजित रेसलिंग कम्पटीशन में खिलाड़ियों के साथ गए टीम मैनेजर डॉ. अखिल मिश्र ने उक्त सूचना देते हुए बताया कि महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक ने नार्थ ईस्ट जोन के खिलाड़ियों की सूची जारी की है, जिसमें गोरखपुर के तीन पहलवान फ़्रीस्टाइल विभिन्न श्रेणियों में शामिल किए गए हैं। 57 किलोग्राम में सत्येंद्र कुमार, 65 किलोग्राम में आनंद यादव एवं 79 किलोग्राम में रमन सिंह आल इंडिया कुश्ती प्रतियोगिता के लिये चयनित हुए हैं।

गोरखपुर विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के अध्यक्ष प्रो. विमलेश मिश्र ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन में हर्ष जताते हुए कहा कि माननीया कुलपति जी के दिशानिर्देश के तहत विश्वविद्यालय में खेल का वातावरण बनाए जाने का भरपूर प्रयास किया जा रहा है। कुश्ती के प्रदर्शन में विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों का प्रदर्शन हमेशा से अच्छा रहा है और उसी कड़ी में इन खिलाड़ियों से भी उम्मीद बढ़ी है। देश में आयोजित हो रहे विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में
बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमों को यहाँ से भेजा जा रहा है और प्रयास किया जा रहा है कि आगे से हमारी टीमें और बेहतर परिणाम लाएं।
खिलाड़ियों की उपलब्धि पर कुलपति प्रो पूनम टण्डन एवं क्रीड़ा परिषद के उपाध्यक्षगण प्रो. आलोक गोयल, प्रो. विजय चहल, कोषाध्यक्ष प्रो. प्रत्यूष दूबे, सचिव डॉ राजवीर सिंह, संयुक्त सचिव डॉ मनीष पाण्डेय समेत समस्त कार्यकारिणी ने बधाई दिया।












Click it and Unblock the Notifications