आज पूरा विश्व भारत की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रहा है- कुलपति
Gorakhpur News: आज वैश्विक समीकरण तेजी से बदल रहे है और दूसरे विश्व युद्ध के बाद पहली बार इतने अधिक रणनीतिक बदलाव हो रहे हैं जिससे दुनिया का कोई हिस्सा अछूता नहीं है। पहले कोविड और अब रूस यूक्रेन के बीच डेढ़ साल से चल रही जंग ने दुनिया भर को प्रभावित किया है। मगर इन सबके बीच भारत ने अपने प्रगति, विकास और प्रभाव में जबरदस्त वृद्धि की है। यही कारण है कि आज पूरा विश्व भारत की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रहा है।
ये बातें दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विवि की कुलपति प्रो पूनम टंडन ने यूजीसी एचआरडीसीयूजीसी एचआरडीसी और रक्षा एवं स्त्रातजिक अध्ययन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित नवें पुनश्चर्या पाठ्यक्रम के समापन सत्र में कही।

समापन सत्र के मुख्य अतिथि के रूप में अपना उद्बोधन देते हुए थल सेना से अवकाश प्राप्त मेजर जनरल अजय कुमार चतुर्वेदी ने वैश्विक रणनीतिक परिस्थितियों का यथार्थ चित्रण करते हुए भारत की सुरक्षा चुनौतियों और उपलब्ध अवसरों पर व्यापक प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत अपने सॉफ्ट पावर का प्रमुखता के साथ उपयोग करके आसन्न चुनौतियों का आसानी से मुकाबला कर सकता है।
इससे पूर्व यूजीसी एचआरडीसी के निदेशक प्रो रजनीकांत पांडेय ने अतिथियों का स्वागत करते हुए इस कोर्स के सफल सम्पादन के लिए विभाग और मुख्य रूप से कोर्स कोर्डिनेटर प्रो प्रदीप यादव के प्रति साधुवाद व्यक्त किया। सत्र का संचालन करते हुए सह समन्वयक प्रो श्रीनिवास मणि त्रिपाठी ने कोर्स की संक्षिप्त आख्या प्रस्तुत की। विभागाध्यक्ष प्रो विनोद कुमार सिंह ने अपने वक्तव्य में कुलपति, मुख्य अतिथि और विभागीय प्राध्यापको के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आठ राज्यों से आए 46 प्रतिभागियों को सफलतापूर्वक कोर्स पूरा करने पर बधाई दी। प्रतिभागियों की ओर से कैप्टन डा योगेश सुभाषचंद्र बोरसे तथा डा दिव्या द्विवेदी ने विभाग तथा कोर्स समन्वयक को सुव्यवस्थित और उपयोगी आयोजन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।












Click it and Unblock the Notifications