DDU University: डीडीयू में बेहतर प्लेसमेंट हेतु प्रत्येक विभाग करेगा गाइडेंस और ट्रेनिंग सत्र का आयोजन
DDU University Gorakhpur Latest News Uttar Pradesh: दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और बेहतर प्लेसमेंट की दिशा में एक और सशक्त पहल करते हुए अब प्रत्येक विभाग में नियमित रूप से गाइडेंस एंड ट्रेनिंग सत्र आयोजित किए जाएंगे।
इन गाइडेंस और ट्रेनिंग सत्रों का उद्देश्य विद्यार्थियों को रोजगार से जुड़ी नवीनतम जानकारियों, साक्षात्कार की तैयारी, बायोडाटा निर्माण, संचार कौशल, समूह चर्चा, समय प्रबंधन और उद्योग जगत की बदलती आवश्यकताओं के बारे में गहन एवं व्यावहारिक मार्गदर्शन प्रदान करना है। इसके साथ ही, विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों और संस्थानों की भर्ती प्रक्रिया से अवगत कराया जाएगा ताकि वे प्रतिस्पर्धी माहौल में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें।

इस अवसर पर कुलपति प्रोफेसर पूनम टंडन ने कहा कि हमारा लक्ष्य केवल विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि उन्हें जीवन और करियर में सफल बनाने के लिए आवश्यक सभी कौशलों से सुसज्जित करना है। गाइडेंस और ट्रेनिंग सत्र विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, पेशेवर दक्षता और व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। विश्वविद्यालय राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की भावना के अनुरूप विद्यार्थियों को अकादमिक उत्कृष्टता के साथ-साथ व्यावहारिक और रोजगारोन्मुखी शिक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध है। हाल ही में हमारे विश्वविद्यालय में बड़ी संख्या में सफल प्लेसमेंट हुए हैं, जिससे यह पहल और भी सार्थक हो जाती है।
प्रो. अजय कुमार शुक्ल, निदेशक, गाइडेंस एंड प्लेसमेंट सेल ने कहा कि हमारा विश्वविद्यालय हाल के सफल प्लेसमेंट से उत्साहित है और हम इस ऊर्जा को आगे बढ़ाते हुए प्रत्येक विभाग में गाइडेंस एंड ट्रेनिंग सत्रों के माध्यम से छात्रों को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications