DDU University में एंटी रैगिंग कमेटी, स्क्वाड एवं मॉनिटरिंग सेल का गठन
DDU University Gorakhpur Latest News Uttar Pradesh: विद्यार्थियों की सुरक्षा, गरिमा एवं अनुशासन सुनिश्चित करने हेतु दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो० पूनम टण्डन के आदेश पर विश्वविद्यालय स्तर पर एंटी रैगिंग कमेटी, एंटी रैगिंग स्क्वाड एवं रैगिंग मॉनिटरिंग सेल का गठन किया गया है।
एंटी रैगिंग कमेटी
एंटी रैगिंग कमेटी की अध्यक्षता कुलपति प्रो० पूनम टण्डन द्वारा की जाएगी। समिति में प्रशान्त वर्मा, अपर नगर मजिस्ट्रेट (प्रथम), गोरखपुर को जिला प्रशासन के प्रतिनिधि के रूप में शामिल किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के प्रतिनिधि के रूप में क्षेत्राधिकारी कैण्ट, जनपद गोरखपुर; स्थानीय समाचार माध्यम के प्रतिनिधि के रूप में डॉ० राकेश राय तथा मान्धाता सिंह, युवा चेतना समिति, गोरखपुर को गैर-सरकारी संगठन के प्रतिनिधि के रूप में नामित किया गया है।

इसके अतिरिक्त, समस्त संकायाध्यक्ष फैकल्टी प्रतिनिधि, डॉ० चन्द्रकान्त चौबे अभिभावक प्रतिनिधि, शिवम निषाद (विधि विभाग, प्रथम सेमेस्टर, गोरखपुर) नव प्रवेशित छात्र प्रतिनिधि तथा श्री नवीन उपाध्याय (शोध छात्र, सांख्यिकी विभाग) वरिष्ठ छात्र प्रतिनिधि होंगे।
एंटी रैगिंग स्क्वाड
एंटी रैगिंग स्क्वाड में प्रो० विनय कुमार सिंह, नियंता एवं नियंता मण्डल; समस्त संकायाध्यक्ष; विश्वविद्यालय अभियन्ता तथा सभी छात्रावासों के अभिरक्षक एवं अधीक्षक सदस्य होंगे।
रैगिंग मॉनिटरिंग सेल
रैगिंग मॉनिटरिंग सेल की अध्यक्षता कुलपति करेंगी। यह सेल एंटी रैगिंग कार्यक्रमों के अनुश्रवण तथा सभी महाविद्यालयों के साथ समन्वय हेतु गठित किया गया है। इसमें वरिष्ठतम संकायाध्यक्ष, कुलसचिव और प्रो० विनय कुमार सिंह, नियंता, सदस्य रहेंगे। इस निर्णय के माध्यम से कुलपति प्रो० पूनम टण्डन ने स्पष्ट किया है कि परिसर में रैगिंग जैसी किसी भी गतिविधि के प्रति शून्य सहनशीलता (Zero Tolerance Policy) अपनाई जाएगी और दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications