Gorakhpur : रजिस्ट्री-RTO में बिना घूस नहीं होता था काम, DM की गोपनीय जांच में बुरे फंसे 12 अधिकारी-कर्मचारी
गोरखपुर, 11 अप्रैल: गोरखपुर के रजिस्ट्री और आरटीओ विभाग में भ्रष्टाचार उजागर होने के बाद डीएम विजय किरन आनंद के आदेश पर नायब तहसीलदार सदर ने रविवार की रात उप निबंधक केके तिवारी समेत 12 अधिकारियों-कर्मचारियों व बाहरी व्यक्तियों के खिलाफ कैंट और शाहपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। करीब एक महीने तक चली जांच और स्टिंग ऑपरेशन में सामने आया कि दोनों विभागों में अधिकारी और कर्मचारी दलालों के जरिए रिश्वत ले रहे थे। पुलिस ने देर रात एक आरोपित विजय मिश्र को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उप निबंधक समेत अन्य की तलाश चल रही है।

रजिस्ट्री और RTO में घूस लेने के स्टिंग ऑपरेशन के बाद हुई कार्रवाई
दरअसल, डीएम विजय किरन आनंद को शिकायत मिली थी कि कलेक्ट्रेट परिसर स्थित रजिस्ट्री और चरगांवा में खुले आरटीओ में अधिकारी व कर्मचारी रिश्वत लिए बिना कोई काम नहीं करते हैं। शिकायत पर डीएम ने दोनों विभागों में गोपनीय जांच कराई तो बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का खुलासा हुआ। इसके बाद उन्होंने स्टिंग ऑपरेशन की जिम्मेदारी तहसीलदार सदर को दी। तहसीलदार ने दलालों के साथ भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारी व कर्मचारियों को चिह्नित किया और उनका वीडियो बना लिया। प्रमाण मिलने के बाद डीएम ने मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया।

नायब तहसीलदार ने दर्ज कराया मुकदमा
रविवार को नायब तहसीलदार की तहरीर पर रजिस्ट्री विभाग के उप निबंधक केके तिवारी, विजय मिश्रा, अशोक उपाध्याय, जितेंद्र जायसवाल, राजेश्वर सिंह के खिलाफ कैंट थाने में, जबकि आरटीओ में तैनात होमगार्ड अर्जुन, साइबर कैफे व स्टिंग में दिख रहे पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ थाना शाहपुर में कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जालसाजी करने व 7/13 भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस की एक सीडी में स्टिंग का वीडियो दिया गया है, जिसमें बाहरी व्यक्ति भी दिख रहे हैं।

एक आरोपी गिरफ्तार, डीएम ने कहा - सभी के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
इस मामले में एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने कहा कि आरोपितों की तलाश में दबिश चल रही है। गुलरिहा के जंगल एकला नंबर निवासी विजय मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपितों से पूछताछ के बाद मुकदमे में नाम बढ़ाया जाएगा। डीएम विजय किरन आनंद ने बताया कि रजिस्ट्री व आरटीओ कार्यालय के 12 अधिकारी, कर्मचारी व दलालों के खिलाफ कैंट और शाहपुर थाने में नायब तहसीलदार सदर ने भ्रष्टाचार का मुकदमा दर्ज कराया है। सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।












Click it and Unblock the Notifications