CM योगी ने यूपी राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय के 'गोरखपुर क्षेत्रीय केंद्र' की रखी आधारशिला, कही ये बातें
गोरखपुर, 29 मई: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय के गोरखपुर क्षेत्रीय कार्यालय भवन का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने सभी छात्र छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि आज गोरखपुर में छात्रों के लिए उनका एक सेंटर स्थापित हो रहा है, किराए के सेंटर से वह अपने स्वंय के सेंटर में जा रहे हैं। सीएम ने कहा कि 2020 में पीएम मोदी ने इस देश को राष्ट्रीय शिक्षा नीति दी। यह पहली बार होगा जब एक छात्र एक साथ दो डिग्री ले सकेगा।

सीएम योगी ने कहा कि अब गोरखपुर में विश्वविद्यालय का अपना एक सेंटर स्थापित हो रहा है। किराए के सेंटर से अपने स्वयं के सेंटर की ओर अग्रसर हुआ है। सीएम योगी ने इसके लिए विश्वविद्यालय परिवार का अभिनंदन किया है। उन्होंने कहा कि एक वरिष्ठ राजनेता, महान स्वतंत्रता सेनानी, हिन्दी के अनन्य उपासक, समाज सेवा व शिक्षा के लिए समर्पित महापुरुष के नाम पर 1998 में विश्वविद्यालय की स्थापना हुई है।
सीएम योगी ने कहा कि राजर्षि टंडन भारत की स्वाधीनता का एक ऐसा नाम है जो देश की आजादी के आंदोलन में अग्रिम पंक्ति में रहकर अपने आपको देश की स्वाधीनता के लिए समर्पित करता है। गोरखपुर सेंटर के अपने भवन की स्थापना आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में हो रही है। सीएम ने कहा, ''मैं विश्वास करता हूं कि विश्वविद्यालय अगले वर्ष जब स्वयं का अपना रजत जयंती वर्ष मना रहा होगा, उस समय यह सेंटर बनकर तैयार हो जाएगा।''
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2020 में देश को एक राष्ट्रीय शिक्षा नीति दी है। एक लम्बे अरसे के बाद देश ने अपनी राष्ट्रीय शिक्षा नीति का अंगीकार किया। यह पहली बार हो रहा है जब एक छात्र एक साथ दो डिग्री ले सकता है। गोरखपुर सेंटर से जुड़े 6 जनपदों (गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर व संतकबीरनगर) के 144 सेंटर और पाठ्यक्रम से जुड़े हुए 7,600 से अधिक लोगों के लिए उनका स्वयं का सेंटर यहां स्थापित होगा।












Click it and Unblock the Notifications