पूर्वांचल के विकास का रोडमैप बनाने के लिए गोरखपुर में तीन दिवसीय वेबिनार, 10 दिसंबर को सीएम योगी करेंगे उद्घाटन
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में पूर्वांचल के विकास के रोडमैप पर चर्चा के लिए राष्ट्रीय वेबिनार का आयोजन किया जा रहा है। दस दिसंबर से शुरू हो रहे तीन दिवसीय वेबिनार का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। इस वेबिनार और संगोष्ठी का आयोजन प्रदेश का नियोजन विभाग, दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर यूनिवर्सिटी के सहयोग से कर रहा है। इसमें पूर्वांचल के जिलों में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि और उद्योग के विकास की योजना तैयार करने के लिए विचार विमर्श होगा जिसमें देश विदेश के एक्सपर्ट हिस्सा लेंगे। समापन सत्र में विशिष्ट अतिथि के तौर पर केंद्रीय आयुष मंत्री स्वतंत्र प्रभार श्रीपद यशो नाइक मौजूद रहेंगे।

तीन दिवसीय वेबिनार में विशेषज्ञ पूर्वांचल के विकास पर अपनी राय देंगे जिस आधार पर योगी सरकार इस क्षेत्र के 28 जिलों के विकास का रोडमैप तैयार करेगी। इस बारे में सीएम योगी आदित्यनाथ के आर्थिक सलाहकार डॉक्टर के वी राजू ने बताया कि पूर्वांचल की खुशहाली के लिए शिक्षा, कृषि जैसे क्षेत्र के लिए दीर्घकालीन योजनाओं को बनाने और वर्तमान व्यवस्था में सुधार की जरूरत है। कृषि क्षेत्र के लिए किसानों को प्रोत्साहन देने और आईटी सेक्टर के कारोबार को बढ़ावा देने के लिए युवाओं को अंग्रेजी भाषा सिखाने की आवश्यकता है। हर साल पूर्वांचल बाढ़ से प्रभावित होता है जिसका समाधान निकाला जाना चाहिए। इन सब समस्यायों पर विचार के लिए राष्ट्रीय वेबिनार में विद्वान अपने रिसर्च पेपर प्रस्तुत करेंगे। इनके आधार पर योगी सरकार पूर्वांचल के विकास की योजनाएं बनाएगी।
इस वेबिनार में आए विशेषज्ञ बताएंगे कि पूर्वांचल में खेती के क्षेत्र में विकास के लिए क्या बदलाव लाए जाएं या फिर मछली पालन या पशुपालन को कैसे फायदेमंद कारोबार बनाया जा सकता है? ऐसे कई विषय जो पूर्वांचल से जुड़े हैं, उन पर चर्चा की जाएगी। लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रोफेसर मुकुल श्रीवास्तव ने कहा कि पूर्वांचल के लोग पलायन करते हैं क्योंकि यहां न सड़के ठीक हालत में हैं, न उद्योग धंधे हैं, न बिजली सही से मिलती है, शिक्षा के हालात खराब हैं। सरकार शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य, उद्योग जैसे क्षेत्र का विकास करेगी तभी जिलों में लोगों को रोजगार मिल पाएगा और उनकी आर्थिक हालत भी बेहतर होगी। इसी मकसद से इस वेबिनार का आयोजन किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications