Yogi Adityanath: गोरखपुर में जनता से सीधे मिले सीएम योगी, बोले- हर समस्या का होगा त्वरित और न्यायपूर्ण समाधान
Yogi Adityanath: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में आम लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि हर पीड़ित की समस्या का तुरंत, पारदर्शी और संतोषजनक समाधान किया जाए। सीएम योगी ने भरोसा दिलाया कि सरकार न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
सुबह-सुबह मंदिर परिसर में जैसे ही मुख्यमंत्री पहुंचे, पहले से मौजूद करीब 200 लोगों में उत्साह का माहौल दिखा। सीएम खुद जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रार्थना पत्र अधिकारियों को सौंपते हुए समाधान के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जनता दर्शन में पहुंचे फरियादियों को सीएम योगी ने आश्वस्त किया कि उनकी बातें न सिर्फ सुनी जाएंगी बल्कि हर एक समस्या का प्रभावी हल भी किया जाएगा। उन्होंने अफसरों से कहा कि जन शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ काम किया जाए और हर पीड़ित को न्याय दिलाया जाए।
गरीबों की जमीन कब्जा करने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई
जनता दर्शन में आईं कई शिकायतें जमीन कब्जे से जुड़ी थीं। मुख्यमंत्री ने इस पर सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि गरीबों की जमीनों को तत्काल प्रभाव से कब्जामुक्त कराएं और दोषियों पर कानूनी कार्रवाई करें।
सीएम ने स्पष्ट किया कि जो दबंग या भूमाफिया गरीबों की जमीन हड़पने का प्रयास कर रहे हैं, उनके खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' नीति के तहत कार्रवाई होनी चाहिए। ऐसे तत्वों को कानून का सख्त पाठ पढ़ाना ज़रूरी है ताकि भविष्य में कोई ऐसी हरकत न कर सके।
जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उनकी समस्याएं ध्यान से सुनीं और हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया। उन्होंने अफसरों को निर्देश दिया कि इलाज से जुड़ी अनुमानित राशि का प्रस्ताव तैयार कर तुरंत शासन को भेजा जाए।
इस दौरान जब एक व्हीलचेयर पर पहुंचे व्यक्ति ने अपनी पीड़ा बताई, तो मुख्यमंत्री भावुक हो गए। उन्होंने उसे भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार उसके इलाज का पूरा खर्च उठाएगी और धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी।
बच्चों को मिला आशीर्वाद और चॉकलेट
रविवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री की दिनचर्या धार्मिक परंपराओं के अनुरूप रही। गुरु गोरखनाथ और अपने गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि पर दर्शन के बाद वह मंदिर परिसर में टहलने निकले।
मंदिर में मौजूद बच्चों को देखकर मुख्यमंत्री ने उन्हें पास बुलाया, नाम और पढ़ाई के बारे में पूछा, उनके साथ हंसी-ठिठोली की और चॉकलेट देकर आशीर्वाद भी दिया। बच्चों और परिजनों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी।
गोरखनाथ मंदिर परिसर में लगे इस जनता दर्शन कार्यक्रम में न सिर्फ गोरखपुर बल्कि आसपास के जिलों से भी लोग पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने जिस धैर्य और संवेदनशीलता से लोगों की बात सुनी, उसने आमजन को एक बार फिर प्रशासनिक व्यवस्था पर भरोसा दिलाया है।












Click it and Unblock the Notifications