गोरखपुर व्यापारी सम्मेलन में बोले सीएम योगी- देश व दुनिया के निवेशकों की पहली पसंद बना यूपी
सीएम योगी ने नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर गोरखपुर में शनिवार को व्यापारी सम्मेलन को संधोबित किया।

Gorakhpur News: सीएम योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गोरखपुर के सरस्वती विद्या मंदिर आर्य नगर में आयोजित व्यापारी सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान सीएम ने सभी से बीजेपी मेयर व पार्षद प्रत्याशियों को जिताने की अपील की।
उत्तर प्रदेश के प्रति बदली सबकी धारणा
इस अवसर पर सीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब उत्तम प्रदेश बन चुका है। यहां चारो तरफ बस विकास कार्य ही हो रहे हैं। इस सरकार से पूर्व यहां गुंडा टैक्स एंव रंगदारी वसूली जाती थी। गरीबों की संपत्ति हड़प ली जाती थी। व्यापारियों का अपहरण किया जाता था। अब यूपी अराजक तत्वों से मुक्त हो चुका है। यहां बिना भेदभाव हर व्यक्ति को सुरक्षा की गारंटी है। सुरक्षा का माहौल बनने से उत्तर प्रदेश के प्रति सबकी धारणा बदली है। देश-दुनिया के निवेशक यूपी में निवेश को इच्छुक हैं।
देश व दुनिया के निवेशकों की पहली पसंद यूपी
सीएम योगी ने कहा कि आज यूपी में हर तरफ उद्योगों की स्थापना हो रही है। देश व दुनिया के निवेशकों की पहली पसंद यूपी है। पीएम मोदी के नेतृत्व में देश के लोगों का विश्वास बढ़ा है। व्यापार-उद्योग के क्षेत्र में रिफॉर्म के अनेक कार्य हुए हैं।
नगर निकाय तीसरा सदन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि व्यापारी बंधु वैचारिक प्रतिबद्धता के साथ खुद को कमल का फूल चुनाव निशान से जोड़ते रहे हैं। लोकसभा और विधानसभा चुनाव के दौरान स्वतः स्फूर्त भाजपा के समर्थन में उतावले रहते हैं। पर, यह भी ध्यान रखना होगा कि नगर निकाय तीसरा सदन होता है और इसके चुनाव की उपेक्षा नहीं होनी चाहिए।
जरूरत पड़ने पर रोपवे देंगे रोपवे सुविधा
केंद्र सरकार ने स्मार्ट सिटी मिशन के तहत उत्तर प्रदेश के 10 शहरों का चयन किया तो गोरखपुर समेत 7 अन्य का चयन राज्य सरकार ने स्टेट मिशन के अंतर्गत किया। आज उत्तर प्रदेश में 17 शहरों को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। जल्द ही हम मेट्रो की दिशा में आगे बढ़ेंगे। जहां आवश्यकता होगी वहां रोपवे की भी सुविधा देंगे।
भाजपा प्रत्याशियों के लिए अपील
सीएम योगी ने कहा कि चुनाव में डॉ मंगलेश के लिए आज मैं स्वयं आप लोगों के बीच अपील करने आया हूं। सभी व्यापारी बंधु स्वयं को डॉ मंगलेश का प्रतिनिधि मानकर चुनाव अभियान से जुड़ें। अपने संगठनों के साथ अलग-अलग बैठक करें।
हर एक वोट की कीमत
मुख्यमंत्री ने अधिकाधिक मतदान के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि चुनाव लोकतंत्र का उत्सव है और यह उत्सव लगना और दिखना भी चाहिए। चुनाव में हर एक वोट की कीमत होती है। जाति, पंथ, संप्रदाय, मजहब, छोटा-बड़ा, महिला-पुरुष, सबके वोट की कीमत के बराबर होती है। यही लोकतंत्र की खूबसूरती और ताकत भी है।
गोड़धोइया नाला परियोजना
सीएम ने कहा कि जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए ही गोड़धोइया नाला परियोजना पर काम शुरू किया गया है। नाला भी बनेगा और उसके दोनों तरफ सड़कें भी बनेंगी। जिन लोगों की जमीन या मकान यदि किसी वजह से प्रभावित होंगे तो उनके पुनर्वास के लिए हम भरपूर कंपनसेशन भी देंगे। किसी भी व्यक्ति का नुकसान नहीं होने दिया जाएगा।
इस अवसर पर सांसद रविकिशन शुक्ल, राज्यसभा सदस्य डॉ राधामोहन दास अग्रवाल, विधायक विपिन सिंह, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ धर्मेंद्र सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, निवर्तमान महापौर सीताराम जायसवाल, पूर्व महापौर श्रीमती अंजू चौधरी, महापौर पद के भाजपा प्रत्याशी डॉ मंगलेश श्रीवास्तव, व्यापारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष पुष्पदंत जैन सहित भारी संख्या में लोग उपस्थित रहे।












Click it and Unblock the Notifications