कुशीनगर में बीजेपी नेता पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर
गोरखपुर। कुशीनगर में भाजपा नेता चंचल राय पर पुरानी रंजिश में आधा दर्जन लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमलावरों ने भाजपा नेता के सिर से लेकर शरीर के कई जगहों पर धारदार हथियार के मारकर जख्मी कर दिया। हमले के बाद अचेत हुए भाजपा नेता को उनके भाइयों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां उनकी हालत नाजुक देखते हुए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मामला भाजपा से जुड़े होने के कारण पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया और आनन-फानन में एसपी राजीव नारायन मिश्रा सहित अन्य पुलिस अधिकारी जिला अस्पताल पहुंच गए। सूचना पाकर जिला प्रशासन ने पडरौना तहसीलदार को जिला अस्पताल भेजकर भाजपा नेता का मजिस्ट्रियल बयान भी कराया है।

भाजपा नेता चंचल राय नेबुआ नौरंगिया थानाक्षेत्र के सूरज नगर बाजार स्थित अपनी दुकान पर बैठे थे। इसी बीच उनके गांव के आधा दर्जन लोगों ने उनके ऊपर धारदार हथियार से हमला बोल दिया। हमले में बीजेपी नेता बेहोश हो गए जिसके बाद हमलावर फरार हो गए। घटना के बाद मौके पर पहुंचे घायल के भाई ने जिला अस्पताल भर्ती कराया, जहां के डॉक्टरों ने स्थिति नाजुक देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

वहीं पुलिस अधीक्षक राजीव नारायन मिश्र के मुताबिक हमलावरों से घायल बीजेपी नेता की पुरानी रंजिश चल रही थी। 2018 में भी एक बार दोनों पक्षो में खूनी संघर्ष हुआ था जिसमें आरोपी पक्ष से एक व्यक्ति की हत्या भी हुई थी। पुलिस के अनुसार पुरानी रंजिश में ही हमला किया गया है जिसपर पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया है। पुलिस हमलावरों को खोजबीन में जुट गई है और गांव में भी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications