मनीष गुप्ता के बाद एक और हत्या से दहला गोरखपुर, CCTV में कैद हुई बर्बरता की घटना
गोरखपुर, 01 अक्टूबर: कानपुर के व्यापारी मनीष गुप्ता की संदिग्ध मौत का मामला अभी थमा भी नहीं था कि एक और हत्या से गोरखपुर दहल गया। रामगढ़ताल इलाके में स्थित मॉडल शॉप पर मुफ्त में शराब न लाने पर गुंडों ने एक कर्मचारी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस दौरान उसे बचाने आए साथी को भी बदमाशों ने इस कदर पीटा कि उसकी हालत गंभीर हो गई। पूरी घटना मॉडल शॉप में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
Recommended Video

मुफ्त में शराब मांग रहा था हिस्ट्रीशीटर का भाई
जानकारी के मुताबिक, महराजगंज जिले के निवासी नागेंद्र प्रताप सिंह की रामगढ़ताल थाना क्षेत्र में वरदायनी के पास मॉडल शॉप है। नागेंद्र का बेटा मनीष सिंह यह मॉडल शॉप देखता है। मध्य प्रदेश के रीवा जिले का रहने वाला मनीष प्रजापति (24) मॉडल शॉप पर कैंटीन कर्मचारी के रूप में काम करता था। गुरुवार की रात करीब 7:30 बजे कोतवाली इलाके का हिस्ट्रीशीटर अपने साथियों के साथ मॉडल शॉप पहुंचा। उसने मनीष से शराब लाने को कहा, जिस पर उसने रुपए मांगे। इस पर शराब मांग रहे युवक ने खुद को हिस्ट्रीशीटर का भाई बताया और मुफ्त में शराब लाने का दबाव बनाया।

इनकार करने पर मनीष को पीट-पीटकर मार डाला
मनीष ने कहा कि रुपए देने के बाद ही उसे शराब मिलेगी। इस बात से वह युवक नाराज हो गया और फोन कर अपने कुछ साथियों को दुकान पर बुला लिया। साथियों ने मॉडल शॉप पर पहुंचते ही हंगामा शुरू कर दिया। मनीष छिपने के लिए मॉडल शॉप के अंदर भागा तो गुंडों ने अंदर घुसकर मनीष को हॉकी और डंडों से बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। बचाने गए उसके साथी बहराइच निवासी रघु की भी बदमाशों ने बुरी तरह पीट दिया। इस दौरान वहां मौजूद अन्य लोगों ने किसी तरह छिपकर अपनी जान बचाई।

सीसीटीवी कैमरे में कैद घटना, तलाश में जुटी पुलिस
मनीष और रघु को बुरी तरह पीटने के बाद बदमाश हॉकी डंडे लहराते हुए मौके से भाग निकले। आनन फानन में दोनों घायलों को पास के एक अस्पताल में ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर मनीष को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज ले जाने के दौरान मनीष ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। रघु की हालत गंभीर है, उसका इलाज चल रहा है। सूचना मिलते ही एडीजी अखिल कुमार, डीआईजी जे रविंद्र गौंड समेत भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। इंस्पेक्टर रामगढ़ताल केके राणा का कहना है कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications